नोएडा की एक सड़क लाखों लोगों को रोजाना दिन-रात परेशान कर रही है लेकिन नोएडा अथॉरिटी और इससे संबंधित विभाग चैन की नींद सो रहे हैं। छजारसी गोल चक्कर (सेक्टर 63 पुलिस थाने के सामने) से एसजेएम अस्पताल (दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे) तक की सड़क गड्ढे में तब्दील हो चुकी है, इस पूरे रास्ते में सड़क कम गड्ढे ज़्यादा हैं। दोनों तरफ की सड़क इतनी खस्ताहाल है कि सड़क कम इसमें सैकड़ों गड्ढे दिखाई देते हैं। यह नोएडा की एकमात्र ऐसी सड़क है जहाँ जाम जागने का कोई निश्चित समय नहीं है, बल्कि हमेशा यहाँ जाम की स्थिति बनी रहती है।
पीक ऑवर्स में खासतौर से सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और शाम में 6 बजे से रात 9-9:30 बजे तक 700 मीटर की यह सड़क पार करने में आधे घंटे तक या कभी-कभी इससे भी अधिक समय लगता है। रोजाना दफ्तर आने-जाने वाले लोग अपना समय, ईंधन और मानसिक स्वास्थ्य से दो-चार हो रहे हैं।
गड्ढों में तब्दील सड़क की सुध नहीं
सेक्टर 63 पुलिस स्टेशन से एसजेएम अस्पताल तक की यह सड़क वैसे तो FNG हाईवे (फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद) का हिस्सा है लेकिन इसकी जिम्मेदारी नोएडा अथॉरिटी नहीं लेती। इस लगभग 800 मीटर सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग की है। इसमें ध्यान देने वाली बात यह है कि इस सड़क के हिस्से के लिए पैसा नोएडा अथॉरिटी देती है। सिंचाई विभाग बस सड़क को बना देता है। मगर डेढ़-दो साल से यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है मगर दोनों विभाग इसकी सुध नहीं ले रहे हैं।
रोजाना महीनों से लाखों लोग पिस रहे
दो विभागों के बीच में रोजाना महीनों से लाखों लोग पिस रहे हैं। इस साल अगस्त में बरसात के दौरान प्रशासन खानापूर्ति करने के लिए गड्ढों में मलबा डालकर चला गया, लेकिन यह मलबा गाड़ियों के आने-जाने से धूल का गुबार बनकर उड़ गया। सड़क पर फिर से गड्ढे हो गए हैं। इस 800 मीटर की सड़क के दोनों तरफ 250 से अधिक गड्ढे हैं, इनमें से कई एक फिट तक गहरे हो चुके हैं। आए दिन इन गड्ढों में ई-रिक्शा और छोटी गाड़ियां पलट जाती हैं और राहगीरों को चोट आती है।
'पूरा शरीर और कपड़े धूल से भर जाते हैं'
गड्ढों से उड़ती यही धूल दोनों तरफ बनी दुकान मालिकों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों के सांसों और शरीर की भी दुश्मन बनी रही है। दुकानदारों का कहना है कि वह दिनभर अपनी दुकान और सामानों पर झाडू-पोछा और कपड़ा मारकर सफाई करते रहते हैं। गौरीशंकर नाम के एक मसाला दुकानदार ने 'खबरगांव' से बात करते हुए कहा कि सड़क पर गड्ढों की वजह से सुबह-शाम यहां बहुत ज्यादा जाम लगता है। गाड़ियों के चलने से धूल-मिट्टी उड़ती है। हम यहां घर से आते हैं और कुछ ही देर में पूरा शरीर और कपड़े धूल से भर जाते हैं।
धूल से हुई निमोनिया की बिमारी
एक दूसरे दुकानदार जय शर्मा ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा, 'हम इस सड़क की वजह से बहुत परेशान हो गए हैं। नोएडा अथॉरिटी के अधिकारी कुछ नहीं कर रहे। धूल उड़ने की वजह से मेरे भाई साहब बिमार पड़ गए हैं, इस समय वह कैलाश अस्पताल में भर्ती हैं। उनको निमोनिया हो गया है। इलाज में कई लाख रुपये लग चुके हैं।'
गौरीशंकर और जय शर्मा करीब 10 साल से यहां अपनी दुकान लगाते हैं। उन्होंने बताया कि महज इस छोटी सी सड़क पर सात-आठ साल से गड्ढे देख रहे हैं। उनका कहना है कि यहां ना तो कभी गड्ढे खत्म हुए और ना ही धूल-मिट्टी खत्म हुई।
'पानी सूखने के बाद फिर से धूल उड़ती है'
अंकुर नाम के एक दुकानदार अपनी दुकान के सामने कई मीटर में सड़क पर हुए गड्ढे में पानी का छिड़काव करके आसपास के दुकानदारों के साथ बैठे थे। उन्होंने कहा कि यहां रोज भयानक जाम लगता है और धूल इतनी उड़ती है कि हमारा सांस लेना मुश्किल हो जाता है। शाम के समय जब ट्रैफिक का दबाव ज्यादा होता है तो अधिक धूल उड़ती है, धूल से बचने के लिए हम मास्क पहनते हैं। लेकिन बहुत देर तक मास्क लगाने की वजह से भी परेशानी होती है। हम दुकान के सामने पानी का छिड़काव करके इससे बचने की कोशिश करते हैं लेकिन पानी सूखने के बाद फिर से धूल उड़ने लगती है।
एक और दुकानदार ने कहा कि मेरी दुकान के सामने सड़क पर इतना बड़ा गड्ढा है कि इसमें आए दिन ई-रिक्शें पलटते हैं। इसकी वजह से लोग चोटिल भी होते हैं। रात में ट्रक और ट्रैक्टर पलटने का डर बना रहता है। उन्होंने कहा, 'इस रोड पर अगस्त में प्रशासन ने कामचलाउ मलबा भर दिया था, लेकिन बारिश होने के बाद यहां और बुरा हाल हो गया। गड्ढे और गहरे हो गए और धूल ज्यादा उड़ने लगी। यहां सांस लेना मुश्किल है। हम पानी का छिड़काव करके थक गए। यहां काफी समय से यह समस्या जस की तस बनी हुई है।'
खबरगांव ने नोएडा अथॉरिटी से की बात
पास में खड़े अन्य दुकानदारों और राहगीरों ने एक साथ सड़क का समाधान करने की अपील की। लोगों से बात करने के बाद खबरगांव नोएडा अथॉरिटी के सेक्टर 94 स्थित कमांड सेंटर पहुंचा, जहां वर्क सर्कल 4 का दफ्तर है। यहां सिविल विभाग के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि इस सड़क को सिंचाई विभाग (गाजियाबाद) बनवाएगा क्योंकि इस सड़क का मालिकाना हक उसी के पास है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस सड़क को बनाने के लिए टेंडर हो चुका है और जल्दी ही सड़का को बनाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
सिंचाई विभाग ने दिया जवाब
जब हमने गाजियाबाद में सिंचाई विभाग (सिविल) के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राज कुमार वर्मा से बात की तो उन्होंने कहा कि पहले मरम्मत का काम करवाया था। जब उनसे मौजूदा हालात पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इस 800 मीटर सड़क का मालिकाना हक सिंचाई विभाग के पास है क्योंकि यह पहले बंधा था। उन्होंने कहा कि मगर इसके रखरखाव का पूरा खर्च नोएडा अथॉरिटी के पास है। वह पैसे देती है तभी इसे बनाया जाता है, लेकिन इससे पहले मरम्मत का काम अथॉरिटी ने ही करवाया था। बीच का डिवाइडर भी अथॉरिटी ने ही बनवाया है।
6 करोड़ की लागत से बनेगी सड़क
सिंचाई विभाग के एक अन्य अधिकारी के अनुसार, 'हमने नोएडा अथॉरिटी को 6 करोड़ रुपये की मांग की है। पैसा जैसे ही आ जाएगा, हम अपनी तरफ से टेंडर प्रक्रिया जारी कर देंगे। हम सड़क के दोनों तरफ नाली बनवाएंगे क्योंकि यहां ड्रेनेज व्यवस्था नहीं है। वहां से पैसे आएंगे तो हम सड़क बनाएंगे। इस सड़क की ऑनरशिप सिंचाई विभाग की है। पहले यह 800 मीटर का हिस्सा बांध था। नोएडा अथॉरिटी के अनुरोध पर इसपर हमने सड़क बनाई। इसके लिए भी पैसे उन्होंने दिए थे। ऐसे में सड़क पर गड्ढा होने या खराब होने पर जिम्मेदारी अथॉरिटी की बनती है।'
नोएडा अथॉरिटी और सिंचाई विभाग अपनी-अपनी बातें और दलीलें दे दीं। सड़क बनवाने के लिए टेंडर भी होने वाला है, इसकी जानकारी दे दी। मगर इस 800 मीटर की सड़क की वजह से लाखों लोग रोजाना परेशान हो रहे हैं, बिमार हो रहे हैं और शरीर में धूल फांक रहे हैं।
