'आजम खान को एनकाउंटर का डर होना चाहिए।' यह बयान सरधना के पूर्व विधायक और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता संगीत सोम ने दिया है। संगीत सोम ने कहा कि आजम खान का सफेद कुर्ता सफेद नहीं, बल्कि लाल खून से सना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुजफ्फरनगर दंगे में सैकड़ों लोगों की जान आजम खान के इशारे पर गई थी। संगीत सोम का यह बयान आजम खान के उस बयान के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने जेल में रहते हुए एनकाउंटर का डर सताने की बात कही थी। आजम खान ने बताया था कि जब उन्हें एनकाउंटर का डर सताया तो उन्होंने बेटे तो गले लगाकर कहा कि जिंदगी रही तो मिलेंगे और नहीं रही तो ऊपर मुलाकात होगी।
आजम खान बीते 18 नवंबर को गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हुए थे। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में उन्हें अंतरिम जमानत दी थी। इससे पहले 31 अक्टूबर को वह दो पैन कार्ड रखने के मामले में रामपुर जेल से बाहर आए थे, लेकिन कुछ ही मिनट बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।
'नेता नहीं, गुंडे-माफिया हैं'
संगीत सोम ने मीडिया से बातचीत में आजम खान को गुंडा और माफिया बताया। उन्होंने कहा, 'देखिए, आजम खान को एनकाउंटर का डर होना चाहिए। क्योंकि मुजफ्फरनगर दंगे में जिस तरीके से उन्होंने निर्दोष लोगों को मरवाया। उनका जो सफेद कुर्ता है, वह सफेद नहीं बल्कि रेड ब्लड से सना हुआ कुर्ता है। वह ऐसा कुर्ता है, जिसने सैकड़ों लोगों की जान ली हुई है। जाहिर सी बात है, ऐसे व्यक्ति को एनकाउंटर का डर होना चाहिए। ये गुंडे हैं, माफिया हैं, ये कोई नेता तो हैं नहीं।'
यह भी पढ़ें: ‘मुस्लिम वोट नहीं चाहिए’ कहने वाले संगीत सोम अब मुस्लिम इलाकों में क्यों सक्रिय?
संगीत सोम ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने मुजफ्फरनगर दंगों में मारे गए लोगों के आंकड़े छिपाए थे। उन्होंने कहा, 'एक चीज बताना चाहता हूं कि समाजवादी पार्टी ने जिस तरीके से आंकड़ों को छुपाकर उस टाइम खेल किया है। वहां बहुत लोग मारे गए हैं। बहुत से सनातनी मारे गए हैं, जिनकी डेडबॉडी कभी नहीं मिली। इस तरीके वहां काम हुआ है। और वह आजम खान के इशारे पर सब हुआ है।'
यह भी पढ़ें: BJP पूछती थी राम मंदिर कब जाएंगे अखिलेश यादव? सपा ने तारीख बता दी
'आजम खान अखिलेश के साथ अयोध्या जाएं'
संगीत सोम ने आजम खान को अयोध्या जाकर राम मंदिर में दर्शन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा, 'मैं तो आजम खान को सलाह देना चाहूंगा कि 12 दिसंबर को जिस तरीके अखिलेश यादव अयोध्या दर्शन करने जा रहे हैं, आप भी चले जाएं। और जाकर सरयू में डुबकी लगाकर, तिलक लगाकर भगवान रामचंद्र के चरणों में नाक रगड़कर कम से कम माफी मांगें। क्योंकि आप उस कमेटी में थे, जो भगवान रामचंद्र के मंदिर का विरोध कर रही थी। कम से कम आपका थोड़ा उद्धार होगा कि आप भगवान श्रीरामचंद्र के चरणों में नाक रगड़कर माफी मांगेंगे और सरयू में गोता लगाएंगे। आपके पापों का प्रायश्चित थोड़ा होगा।'
