जम्मू के लोअर रूप नगर इलाके में सड़क किनारे जन्मदिन का जश्न एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। पवन नायर नाम के लड़के की छोटी सी हरकत ने उसकी जान ले ली। पुलिस ने बताया कि आरोपी नीरज अपने दोस्तों और भाई के साथ सड़क किनारे केक काट रहा था। चेहरे पर केक लगाने की बात पर दोनों के बीच में कहा-सुनी हो गई। इस बात पर नाराज होकर नीरज ने अपने दोस्त पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल अभी तक कोई और नई बात सामने नहीं आई है। 

 

घटनास्थल पर नीरज के साथ उसके कई और दोस्त मौजूद थे। इनसे भी पुलिस पूछताछ कर रही है। ऐसा बताया गया है कि खोखरी से पवन के गर्दन पर वार किया गया था। इस कारण उसकी जान चली गई। 

 

यह भी पढ़ें: चौराहे पर लगाई थी सिद्धारमैया की मूर्ति, CM डीके शिवकुमार के दौरे से पहले हटा दी

क्या था पूरा मामला? 

नीरज उर्फ ‘अंशु’ अपने दोस्तों के साथ मिलकर सड़क के किनारे अपना जन्मदिन मनाने के लिए गया था। जश्न के दौरान उसके दोस्त पवन नायर उर्फ ‘समीर’ ने मजाक में नीरज के चेहरे पर केक लगा दिया। इस बात से आरोपी नीरज इतना गुस्सा हो गया कि उसकी पवन के साथ कहा-सुनी हो गई। 


मौके पर मौजूद अन्य दोस्तों, जॉन सोट्रा, गौरव सिंह और सुगंध भट्टी ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन वह रूका नहीं। गुस्से में आकर नीरज ने अपने पास रखा एक हथियार ‘खोखरी’ निकाल लिया। नायर की गर्दन पर वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में मौत

घटना के तुरंत बाद दोस्त पवन को नजदीकी सरकारी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। 17 सितंबर की रात करीब 9 बजे मेडिकल कॉलेज की पुलिस चौकी से सूचना मिली थी। इसके बाद जानीपुर थाना पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची। उसके बाद मौके पर पहुंच कर आगे की कार्रवाई शुरू की। 

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नीरज और उसके भाई रिशु को गिरफ्तार कर लिया है। जानीपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस फिलहाल वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।