कुख्यात अपराधी साहिल चौहान को थाईलैंड से भारत प्रत्यर्पित किया जा रहा है। केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारी हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स उसे पकड़कर भारत ला रहे हैं। उसे दिल्ली एयरपोर्ट लाया जा रहा है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, साहिल चौहान पिछले कई सालों से विदेश में रहकर भारत में आपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहा था। साहिल चौहान पर हत्या, जबरन वसूली और सुपारी लेकर हत्या जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की रडार पर भी था। इसी वजह से पिछले कई दिनों से भारतीय सुरक्षा एजेंसियां साहिल को खोज रही थीं।

 

साहिल को आज यानी 11 अप्रैल को इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर लाया जाएगा। उसके दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स  (STF) की टीमें  उसे हिरासत में लेंगी। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का पर्दाफाश हो सके। अब सवाल उठता है कि साहिल चौहान को पकड़ने में भारतीय एजेंसियां कैसे सफल हुईं।

 

यह भी पढ़ें: UP में SIR के बाद आई फाइनल लिस्ट, नाम कट गया तो क्या करना है जान लीजिए

 

साहिल को कैसे पकड़ा गया?

स्पेशल टास्क फोर्स (STF) टीम को गुप्तचरों से जानकारी मिली थी कि वह पिछले कई दिनों से थाईलैंड में रह रहा है। इसके बाद स्पेशल टास्क फोर्स (STF) टीम ने सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कीं और तुरंत थाईलैंड पुलिस से सारी बात बताई। वहां से उसे प्रत्यर्पित कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि साहिल की गिरफ्तारी के बाद अन्य गैंगस्टरों का भी पता लगाया जा सकेगा। STF के आईजी सतीश ने बताया है कि आज दोपहर साहिल चौहान की गिरफ्तारी के बारे में रिपोर्टर्स को जानकारी दी जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: सोने की तस्करी करने वाले 26 विदेशी गिरफ्तार, 38 करोड़ का गोल्ड जब्त

 

विदेश में रहकर मांगता था फिरौती

राष्ट्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों के मुताबिक, साहिल चौहान पिछले कई सालों से विदेश में रहकर हरियाणा के नामी कारोबारियों को फोन कर करोड़ों रुपये की फिरौती मांगता था। पैसे न देने पर वह कारोबारियों को जान से मारने की धमकी देता था। इसी वजह से वह हरियाणा पुलिस की हिट लिस्ट में शामिल था।