गुजरात के अहमदाबाद में एक बहुत ही दुखद घटना हुई है। यहां NEET (UG) री-एग्जाम की तैयारी कर रहे 17 साल के एक छात्र ने छठी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। यह घटना गुरुवार तड़के की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
अभी तक पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच में आत्महत्या के पीछे का कारण साफ नहीं हो पाया है, इसलिए पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: आरा में भरत के एनकाउंटर पर बवाल, थानाध्यक्ष व SI पर गिरी गाज; घंटों चला हंगामा
छठी मंजिल की बालकनी से लगाई छलांग
यह घटना अहमदाबाद के त्रागड इलाके स्थित अरिस्टो आनंदम फ्लैट की है। सबरमती पुलिस निरीक्षक वाई आर वाघेला के मुताबिक, सुबह करीब 2:55 बजे छात्र ने ब्लॉक B स्थित अपने फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी। नीचे कॉमन एरिया में गिरने के बाद सिक्योरिटी गार्ड ने उसे देखा और तुरंत लोगों को सूचना दी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि छात्र 21 जून को होने वाले NEET री-एग्जाम की तैयारी कर रहा था। वह पढ़ाई में अच्छा था और पहले की परीक्षाओं में बेहतर अंक हासिल कर चुका था। वह अपनी मां और छोटे भाई के साथ रहता था, जबकि उसके पिता अलग रहते हैं।
यह भी पढ़ें: IAS आरके सिंह गिरफ्तार, पंचकूला नगर निगम फंड घोटाले में CBI ने उठाया
परिवार ने तनाव से किया इनकार, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, परिवार ने किसी भी तरह के मानसिक तनाव की बात से इनकार किया है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वहीं, NEET परीक्षा को लेकर पहले से ही देशभर में चर्चा बनी हुई थी, क्योंकि मई में हुई परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था।
आपको बता दें कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक के आरोपों के बाद 3 मई को हुई नीट-यूजी परीक्षा को रद्द कर दिया था। अब यह परीक्षा दोबारा 21 जून को कराई जाएगी।


