उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पन्नापुरी इलाके में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नकली टोमैटो सॉस फैक्ट्री को बंद करवाया है। यहां बिना टमाटर के ही सॉस तैयार किया जा रहा था। विभाग की टीम को इसकी गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की गई। मौके पर भारी मात्रा में खराब सामान और गंदगी मिलने के कारण अधिकारियों ने यूनिट को तुरंत सील कर दिया।

 

जांच में यह बात सामने आई कि फैक्ट्री के अंदर सॉस बनाने के लिए असली टमाटरों का बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं हो रहा था। इसके बजाय, सड़ी-गली सब्जियों के पल्प को बेस की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था। इसे लाल दिखाने के लिए उन रंगों का प्रयोग हो रहा था जिन पर सरकार ने पाबंदी लगा रखी है। सॉस को तैयार करने के लिए ऐसी चीजों को मिलाया किया जा रहा था जो सेहत के लिए बेहद खतरनाक हैं।

 

यह भी पढ़ें: ऑनलाइन दिखाते थे साड़ी और सूट, 20 राज्यों में 4 हजार लोगों को लूट लिया

फैक्ट्री में भयंकर गंदगी

फैक्ट्री के अंदर बिल्कुल भी साफ-सफाई नहीं थी। जहां सॉस तैयार हो रहा था, वहां चारों तरफ भयंकर गंदगी पड़ी थी। खाना बनाने के लिए जिन नियमों का पालन करना चाहिए, यह फैक्ट्री उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज कर रही थी। यहां जिस तरह से काम हो रहा था, वह लोगों को बीमार करने के लिए काफी था।

 

यह नकली सॉस बाजार में बहुत ही सस्ता बेचा जा रहा था। छापे के वक्त वहां 200 लीटर सॉस तैयार मिला। यह माल आसपास के ढाबों, छोटे होटलों और ठेलों पर सिर्फ 20 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से दिया जाता था। सस्ता होने की वजह से कई दुकानदार इसे धड़ल्ले से खरीद रहे थे।

खराब माल फेंका गया

बड़े अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि फैक्ट्री में मिला सामान खाने लायक बिल्कुल नहीं था। टीम ने जांच के लिए सॉस के कुछ सैंपल लिए और उन्हें लैब भेज दिया है। साथ ही, जो 200 लीटर सॉस मिला था, उसे तुरंत नष्ट कर दिया गया ताकि वह बाजार में बिकने न पाए।

 

प्रशासन अब यह पता लगा रहा है कि यह फैक्ट्ररी अपना माल और कहां-कहां भेजती थी। उन सभी दुकानों की पहचान की जा रही है जो यहां से सॉस लेते थे। अधिकारियों का कहना है कि लैब की रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त केस दर्ज किया जाएगा और उन्हें सजा दी जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: GPS से ट्रैक कर पति ने पत्नी को प्रेमी संग पकड़ा, पटना में हुआ भारी हंगामा

लोगों के लिए जरूरी सलाह

विभाग ने लोगों से कहा है कि बाहर खाते समय सावधानी बरतें। बहुत सस्ते सॉस या चटनी से बचें क्योंकि इनमें अक्सर मिलावट होती है। हमेशा साफ-सफाई वाली जगह से ही खाना खांए और अपनी सेहत का ख्याल रखें।