उत्तराखंड के हरिद्वार से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरे धर्म की अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचे एक मुस्लिम युवक को कुछ लोगों ने पकड़ लिया। पहले उसके साथ जमकर मारपीट की गई और फिर उसके गले में कुत्ते का पट्टा डालकर घंटों तक सरेआम बेइज्जत किया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

FIR के अनुसार, घटना शनिवार की है। महिला की शिकायत के मुताबिक, वह अपने दोस्त के साथ घर में मौजूद थी, तभी 10 से 12 लोग जबरन घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने युवक पर हमला कर दिया। महिला ने रोकने की कोशिश की लेकिन आरोपियों ने उसकी बात नहीं सुनी। शिकायत में कहा गया है कि हमलावरों ने दोनों के साथ गाली-गलौज की, युवक की पिटाई की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।

 

यह भी पढ़ें: ट्रेनी IPS ने की थी यौन उत्पीड़न, मारपीट की शिकायत, आरोपी ने की सुसाइड की कोशिश

घर से बाहर ले जाकर किया जलील

महिला मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली है और पिछले करीब 10 वर्षों से हरिद्वार में रह रही है। उसकी बहन के अनुसार, घायल युवक हरियाणा के करनाल का निवासी है और काम के सिलसिले में अक्सर हरिद्वार आता था। घटना वाले दिन कुछ लोग घर का दरवाजा खटखटाकर अंदर घुसे और बिना किसी बातचीत के युवक को पीटना शुरू कर दिया। परिजन का आरोप है कि युवक के घायल होने और खून बहने के बावजूद हमलावर नहीं रुके। इसके बाद वे उसे घर से बाहर ले गए, उसके गले में कुत्ते का पट्टा बांध दिया और सड़क पर बैठाकर पूछताछ करते रहे। घटना के वायरल वीडियो में भी युवक के गले में पट्टा बंधा दिखाई दे रहा है।

 

यह भी पढ़ें: नई कार बताकर थमा दी टेस्ट ड्राइव वाली गाड़ी, अब देना होगा 9.2 लाख का जुर्माना

 

शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले करीब तीन घंटे तक युवक को अपमानित किया गया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावर युवक का मोबाइल फोन और अन्य सामान भी अपने साथ ले गए।

वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोपियों पर मारपीट, दंगा, जबरन घर में घुसने, आपराधिक धमकी और शांति भंग करने की नीयत से अपमान करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। हरिद्वार के सिटी सर्किल ऑफिसर शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।