उत्तराखंड में कांग्रेस के दो दिग्गज नेताओं का 'माला कांड' सुर्खियों में है। कांग्रेस के आलोचकों का कहना है कि कलह का हाल ऐसा है कि एक नेता, दूसरे नेता से सम्मानित तक नहीं होना चाहते। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने, उत्तराखंड के नेता विपक्ष यशपाल आर्य को माला पहनाने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हुए। उनके माला पहनने के लिए यशपाल आर्य तैयार ही नहीं हुए।
भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि कांग्रेस में टिकट बंटवारे और दबदबे की ऐसी लड़ाई छिड़ी है कि उत्तराखंड कांग्रेस के दिग्गज नेता मंच तक एक दूसरे के साथ साझा करने के लिए तैयार नहीं हैं। तस्वीर में यह भी नजर आया कि दोनों एक-दूसरे को माला पहनाना चाहते थे। लोगों ने इसे ऐसे पेश किया कि दोनों, एक-दूसरे पर माला थोपना चाहते हों।
यह भी पढ़ें: 'मैं CM पद की रेस में नहीं', पहले यात्रा रोकी गई; ठंडे पड़े हरीश रावत के तेवर?
उत्तराखंड का माला कांड क्या है?
उत्तराखंड कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच शुक्रवार को बागेश्वर में माला पहनाने को लेकर हुई खींचतान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पार्टी के कार्यक्रम में दोनों नेता एक-दूसरे को पहले माला पहनाने पर अड़े दिखे। वीडियो आने के बाद दोनों के रिश्तों को लेकर कयास लगने लगे।
हरीश रावत ने इन कयासों को खारिज किया है। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि यह आपसी स्नेह और सम्मान का मामला था, जिसे कुछ मीडिया संस्थानों ने झगड़े की तरह पेश किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे BJP को कांग्रेस पर हमला करने का मौका मिला।
उत्तराखंड का माला कांड है क्या?
उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा बागेश्वर गईं थीं। वहां हरीश रावत पहले गेंदे की माला लेकर यशपाल आर्य का स्वागत करने के लिए आगे बढ़े। यशपाल आर्य ने उन्हें रोका और माला अपने हाथ में लेकर हरीश रावत को पहनाने की कोशिश की। हरीश रावत ने इशारे से कहा कि पहले यशपाल आर्य का सम्मान होना चाहिए। कुछ देर दोनों के हाथ माला पर रहे।
आखिर में हरीश रावत ने आर्य को माला पहनाने दी। हरीश रावत ने दूसरी माला उठाई, लेकिन यशपाल आर्य ने उसे उनके हाथ से लेकर मेज पर रख दिया। रीश रावत हाथ जोड़े खड़े दिखे। बीजेपी नेताओं ने कहा कि यशपाल आर्य, हरीश रावत से सम्मान लेने तक के लिए तैयार नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में कांग्रेस आलाकमान के 'आंख-कान' रहे हरीश रावत ने इस्तीफा क्यों दिया?
हरीश रावत ने सफाई में क्या कहा है?
हरीश रावत के मुताबिक बागेश्वर उनका पुराना कर्मक्षेत्र रहा है और यशपाल आर्य नेता प्रतिपक्ष के तौर पर वहां आए थे। उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल के हिसाब से भी प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता का पद अहम होता है, इसलिए वह यशपाल आर्य को माला पहनाना चाहते थे।
हरीश रावत ने बताया कि यशपाल आर्य उनसे पहले भी कई बार कह चुके हैं कि माला पहनाना उनका हक है, क्योंकि वह उम्र में छोटे हैं। हरीश रावत ने कहा कि परिवार के बड़े के नाते जिन लोगों के कंधों पर पार्टी की जिम्मेदारी है, उनका और उनके पद का स्वागत करना उनका कर्तव्य है।
हरीश रावत के अनुसार दोनों अपनी बात पर अड़े रहे और आखिर में यशपाल आर्य ने ही उन्हें माला पहनाई। उन्होंने इसे यशपाल आर्य की विनम्रता कहा है।
भारतीय जनता पार्टी:-
मोहब्बत की दुकान का असली नजारा मंच पर दिख ही गया। बागेश्वर, उत्तराखंड में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बीच माला पहनने को लेकर ऐसी खींचतान मची कि कांग्रेस की एकता के दावों की पूरी पोल खुल गई। पीछे कुमारी सैलजा जो हंसी, उसने कांग्रेस की और भद्द पिटवा दी। जिनसे अपनी पार्टी नहीं संभल रही, उस पार्टी के शहजादे देश चलाने के सपने देख रहे हैं।
हरीश रावत किसे सुना रहे हैं?
हरीश रावत ने कहा कि दोनों नेताओं की भावना को समझे बिना भ्रामक वीडियो जारी करना और उसे खबर बनाना सोशल मीडिया के गॉसिप बाजार का हिस्सा बनाना है। उन्होंने इसे निंदनीय और गलत बताया। BJP की आलोचना में हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस ऐसे संस्कार नहीं हैं। उनका आरोप है कि BJP में वरिष्ठ नेता कतार में देखते रह जाते हैं और पर्ची से लोगों को मुख्यमंत्री या मंत्री बना दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शिष्टाचार की परंपरा है और यह पूरा प्रसंग शिष्टाचार से जुड़ा है। हरीश रावत ने यह भी कहा कि इस घटना के बाद अब एक-दूसरे के प्रति आदर जताते समय भी सावधानी रखनी होगी।
यह भी पढ़ें: न संगठन में हैं, न हैं चेहरा, फिर बाहरी कांग्रेसियों को खटक क्यों रहे हरीश रावत?
मु्स्कराती रहीं कुमारी सैलजा
जब यशपाल आर्य और हरीश रावत के बीच सम्मान को लेकर कथित खींचतान चल रही थी, कुमारी सैलजा मुस्कुराती और माथे पर हाथ रखती नजर आईं। हरीश रावत ने कहा कि कुमारी सैलजा हंसते हुए सिर पर हाथ रख रही थीं लेकिन इसे ऐसे दिखाया गया जैसे वह परेशान हों। उन्होंने कहा कि उन्हें इस पूरे प्रसंग पर हंसी आ रही है।
अगर ऐसी अनबन फिर कैसे होगी जांच?
कुमारी सैलजा का छह दिन का उत्तराखंड दौरा 22 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान वह कुमाऊं और गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिल रही हैं। दौरे का मकसद संगठन को मजबूत करना और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करना है। मामले पर प्रतिक्रिया के लिए संपर्क किए जाने पर कांग्रेस के तीन प्रवक्ताओं ने कुछ कहने से इनकार कर दिया। एक ने कहा कि यह हमारा पारिवारिक मामला है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इस पर आर्य का अलग से कोई बयान अब तक सामने नहीं आया है।
