उत्तर प्रदेश में आज का दिन लोगों के लिए मुश्किलों भरा रहने वाला है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में आज लू चलने का अलर्ट जारी किया है और गर्मी इतनी ज्यादा होगी की मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। यूपी का म इस समय भीषण गर्मी की मार झेल रहा है और यहां पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान है। इस जिले में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है और लोग सुबह 10 बजे के बाद घरों से निकलने से बच रहे हैं। मौसम विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक बांदा लगातार कई दिनों से देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल है। मौसम विभाग ने इलाके में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। आज जब पूरे उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया गया है तो बांदा में पारा 50 डिग्री के पास पहुंच गया है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, बांदा में तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले भी जिला 47.6 डिग्री और 47.4 डिग्री तापमान के साथ देश का सबसे गर्म इलाका रह चुका है।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ टू अंबाला सफर होगा आसान, जीरकपुर वाले जाम का पंगा खत्म, हिमाचल को फायदा
खाली हो रहीं सड़कें
भीषण गर्मी और लू के कारण बांदा में सुबह से ही लोगों की दिनचर्या बदल गई है। दोपहर होते-होते बाजार और सड़कें खाली नजर आने लगती हैं लेकिन आज तो सुबह 10 बजे ही सड़कों पर कम लोग दिखाई दिए। लोग जरूरी काम सुबह जल्दी निपटा रहे हैं और उसके बाद शाम होने तक घरों में ही रह रहे हैं। मौसम विभाग ने भी लोगों को बिना वजह बाहर ना निकलने की सलाह दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। तेज गर्म हवाएं और झुलसा देने वाली धूप से हालात लगातार खराब हो रहे हैं। धूप इतनी तेज है की बाहर निकलने पर शरीर आग की तरह जल उठ रहा है। इस बीच लोग परेशान हो रहे हैं।
कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, हमीरपुर, झांसी, महोबा और आगरा समेत कई जिलों में गंभीर हीटवेव की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही आगरा, वाराणसी जैसे जिलों में भी गर्मी का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आज लोग परेशान होने वाले हैं। मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक दक्षिण और मध्य उत्तर प्रदेश में अगले कई दिनों तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
क्यों बढ़ रही इतनी गर्मी?
मौसम विभाग के अनुसा, लगातार शुष्क मौसम, राजस्थान की तरफ से आने वाली गर्म हवाएं और बारिश की कमी की वजह से तापमान तेजी से बढ़ रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि बुंदेलखंड क्षेत्र की पथरीली जमीन जल्दी गर्म हो जाती है, जिसकी वजह से बांदा और आसपास के इलाकों में तापमान ज्यादा रिकॉर्ड किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: आंकड़े गायब, न शेल्टर होम, न सुविधाएं, कत्तों पर SC का आदेश कैसे मानेगी दिल्ली?
अस्पतालों में बढ़ रहे मरीज
भीषण गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, उल्टी, दस्त और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टर लोगों को धूप में निकलने से बचने और ज्यादा पानी पीने की सलाह दे रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है और तापमान में फिलहाल ज्यादा गिरावट के आसार नहीं हैं। अगले कई दिनों तक उत्तर प्रदेश के लोगों को परेशान होना पड़ सकता है।
