स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले मध्य प्रदेश के देवास में निकाली जा रही तिरंगा यात्रा पर मधुमख्यियों ने धावा बोल दिया। कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। तिरंगा यात्रा का आयोजन भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने किया था। मधुमक्खियों के हमले में करीब 40 बीजेपी कार्यकर्ता घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि पेड़ पर मधुमक्खी का छत्ता लगा था। तभी एक गाड़ी पर रखा डीजे छत्ते से टकरा गया। भड़की मधुमक्खियों ने कार्यक्रम पर हमला बोल दिया। उस वक्त करीब 500 लोग घटनास्थल पर मौजूद थे। कुछ लोगों ने पास में ही स्थित सोयाबीन के खेत में घुसकर अपनी जान बचाई।
यह भी पढ़ें: अब लखनऊ में सड़क पर उतरे स्कूली छात्र, चक्का जाम होते ही पहुंचे मंत्री
महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय के डॉ. कमल किशोर ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले में घायल छह लोगों को अस्पताल लाया गया। इनमें से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। उसे करीब 200 मधुमक्खियों ने काटा। इलाज के बाद सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य है।
बीजेपी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा को भी मधुमक्खियों ने काटा है। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा के साथ डीजे उपकरण लेकर जा रही गाड़ी एक पेड़ पर बने मधुमक्खी के छत्ते से टकरा गई। इसके बाद सैकड़ों मधुमक्खियों ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। हमारे 40 से 50 कार्यकर्ता उनके हमले में घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें: 'न डरे, न कभी डरेंगे', खुद पर हमले के बाद सुखबीर बादल की आई पहली प्रतिक्रिया
अतुल शर्मा ने आगे बताया कि घायल बीजेपी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि विजयागंज मंडी क्षेत्र में मोटसाइकिल से तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। उस वक्त वहां 500 से अधिक बीजेपी कार्यकर्ता थे। मधुमक्खियों का हमला होते ही कई कार्यकर्ता सोयाबीन के खेत में छिप गए। उन्हें बाद में वहां से निकाला गया।
