यूपी के हरदोई जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती की मौत का मामला ऑनर किलिंग की ओर इशारा कर रहा है। आरोप है कि प्रेम संबंधों से नाराज पिता और अन्य परिजनों ने युवती को पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद हत्या को छिपाने के लिए ऐसी साजिश रची गई, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया।

 

युवती के पैरों में कई जगह सुइयां चुभोई गईं ताकि मौत को सांप के डसने या किसी अन्य कारण से हुई मौत बताया जा सके। इसके बाद गले में फंदा डालकर आत्महत्या की कहानी गढ़ने की कोशिश की गई। मामले का खुलासा तब हुआ जब युवती की मां ने साहस दिखाते हुए पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पिता समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।

रात में घर से गई, सुबह लौटी तो टूट पड़ा कहर

संडीला क्षेत्र के समदखेड़ा गांव की रहने वाली युवती 3 जून की रात करीब 12 बजे बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। अगले दिन सुबह करीब चार बजे वह वापस घर लौटी।

 

आरोप है कि घर लौटते ही परिवार के लोग उस पर भड़क उठे। प्रेम संबंधों को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि युवती की जान चली गई।

 

यह भी पढ़ें: 3 तलाक और एसिड अटैक पीड़िताओं को घर और मुफ्त इलाज देने की तैयारी में योगी सरकार

हत्या के बाद शुरू हुई साजिश

पुलिस जांच और परिजनों के बयान के अनुसार युवती की मौत के बाद आरोपियों ने हत्या को छिपाने की योजना बनाई। सबसे पहले युवती के पैरों में कई जगह सुइयां चुभोई गईं। जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इसका मकसद मौत को सांप के डसने या किसी अन्य प्राकृतिक कारण से जोड़ना था।


जब इससे बात बनती नहीं दिखी तो गले में फंदा डालकर आत्महत्या की कहानी तैयार की गई। गांव में भी यही बताया गया कि युवती ने खुदकुशी कर ली है।

मां को नहीं देखने दिया बेटी का शव

 

मृतका की मां मिथिलेश ने पुलिस को बताया कि उन्हें अपनी बेटी का शव तक नहीं देखने दिया गया। जब उन्होंने विरोध किया तो उन्हें धमकाया गया और चुप रहने को कहा गया। मां का आरोप है कि परिवार के लोग जल्द से जल्द अंतिम संस्कार कर मामले को खत्म करना चाहते थे। यहां तक कि गांव में भी लोगों को आत्महत्या की कहानी बताई गई।

 

यह भी पढ़ें: योगी का मठ या तिवारी का हाता, गोरखपुर में 2027 में कौन भारी पड़ेगा?

मां की शिकायत से खुली परतें

परिवार और गांव के दबाव के बावजूद मां पीछे नहीं हटीं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर पति, जेठ, जेठानी और अन्य परिजनों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो आत्महत्या की कहानी पर कई सवाल खड़े हो गए। शव और घटनास्थल से मिले तथ्यों ने हत्या की आशंका को मजबूत कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मां की तहरीर के आधार पर पिता रामदयाल, ताऊ मुनेश, सुरेश और ताई माधुरी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में प्रेम संबंधों को लेकर परिवार की नाराजगी सामने आई है। इसी वजह से मामले को ऑनर किलिंग के एंगल से भी जांचा जा रहा है।

मां की हिम्मत ने दिलाया न्याय

अगर युवती की मां सामने आकर शिकायत न करती तो यह मामला शायद आत्महत्या मानकर बंद कर दिया जाता। लेकिन मां की हिम्मत ने उस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया, जिसमें पहले युवती की हत्या की गई और फिर आत्महत्या की कहानी गढ़ी गई।