हरियाणा के पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में सोमवार को हरियाणा विधानसभा की ओर से आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन शुरू होने से पहले ही विवाद हो गया। सुबह साढ़े 10 बजे शुरू हुए इस सम्मेलन में जैसे ही नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहुंचे तो वह यहां से नाराज होकर वापस लौट गए। उस दौरान उनके साथ कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा और आफताब अहमद भी थे।
दरअसल, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कार्यक्रम स्थल पर लगे होर्डिंग्स पर उनकी फोटो नहीं होने पर कड़ी आपत्ति जताई। उनके वहां से निकलते ही पीछे-पीछे उन्हें मनाने के लिए अधिकारी गए। इस दौरान भूपेंद्र हुड्डा ने अधिकारी से कहा कि ये सरासर बदतमीजी है। हालांकि इसके बाद सीएम नायब सैनी और विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण के फोन पर आग्रह के बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक बीबी बत्रा व आफताब अहमद वापस लौटे।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में गर्भवतियों की डाइट का पैसा रुका, सेहत पर पड़ सकता असर
10 से 5 बजे तक हो रहा है सम्मेलन
बता दें कि संविधान पखवाड़ा के तहत पंचकूला के इंद्रधनुष आॅडिटोरियम में सुबह साढ़े 10 से शाम 5 बजे तक ये सम्मेलन हो रहा है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जनप्रतिनिधि सम्मेलन का शुभारंभ किया। सम्मेल में सीएम नायब सिंह सैनी के अलावा विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण और चार पूर्व स्पीकर भी मौजूद रहे। सम्मेलन के समापन पर राज्यपाल प्रो. आशीम कुमार घोष पहुंचेंगे।
यह भी पढ़ें: हरियाणा के अस्पतालों में कंपाउंडर बांट रहे दवाई, मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़
एक मंच पर दिखेगा अनुभव और नई ऊर्जा
सम्मेलन में दशकों का संसदीय अनुभव और नई पीढ़ी की ऊर्जा एक ही मंच पर नजर आएगी। सम्मेलन में 'विकसित हरियाणा' संवैधानिक मूल्यों, राज्य की विकास यात्रा व जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर गहन मंथन होगा। सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री अनिल विज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, डॉ. रघुवीर सिंह कादियान, कंवर पाल गुर्जर, कुलदीप शर्मा के अलावा पूर्व उपाध्यक्ष संतोष यादव और आजाद मोहम्मद भी पहुंचे।
