उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक शख्स ने तथाकथित तौर पर अपनी पत्नी के साथ दहेज के लिए हिंसा की थी। गर्भवती पत्नी को लात मारी गई, जिस वजह से पत्नी के पेट में पल रहे नवजात शिशु की मौत हो गई। पत्नी का आरोप है कि पति ने पहले भी गर्भावस्था के दौरान उसके साथ मारपीट की थी। इस वजह से 2 बार गर्भवती महिला का गर्भपात हो चुका है। पीड़ित महिला ने पति समेत पूरे ससुराल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
यह मामला गुदरीपुर का है, जहां रहने वाली पीड़ित महिला आराधना शुक्ला ने अपने पति और ससुराल वालों पर आरोप लगाया है कि वे लोग आए दिन दहेज के लिए शोषण कर रहे थे। आराधना ने पुलिस को शनिवार यानी 11 अप्रैल को बताया कि शादी के दौरान ही दहेज के रूप में ससुराल ने मोटी रकम ली थी। इसके बावजूद शादी के बाद भी 10 लाख रुपये दहेज में मांगे जा रहे थे और इस मांग को पूरा कराने के लिए आए दिन मारपीट की जा रही थी। आराधना ने यह भी बताया कि वह 8 महीने की गर्भवती थी, लेकिन इस शोषण की वजह से गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: गैंगस्टर साहिल चौहान कौन है, जिसे STF टीम थाईलैंड से भारत ला रही है
क्या है पूरा मामला?
आराधना ने पुलिस शिकायत में बताया कि वह जुलाई 2025 में दूसरी बार गर्भवती हुई थी। उसी दौरान 10 लाख रुपये की मांग को लेकर 20 सितंबर 2025 को आराधना को एक बार फिर बुरी तरह मारा-पीटा गया और इस दौरान उसके पति ने उसके पेट पर लात मार दी।
इसके बाद आराधना को मोटरसाइकिल से भदोही लाया गया और 21 सितंबर 2025 की देर शाम ज्ञानपुर रेलवे स्टेशन पर फिर पीटा गया, जिस वजह से वह खून से लथपथ हो गई थी। इसी हालत में अभिषेक उसे मायके छोड़कर चला गया और धमकी भी दी कि अगर 10 लाख रुपये लिए बिना लौटी तो उसे जलाकर मार दिया जाएगा। इसके बाद आराधना अपने परिवार के साथ अस्पताल गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो चुकी है।
यह भी पढ़ें: UP में SIR के बाद आई फाइनल लिस्ट, नाम कट गया तो क्या करना है जान लीजिए
पहले भी की थी शिकायत
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित महिला का आरोप है कि इसी साल जनवरी में उसने गोपीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पति और ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। दोबारा शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
