उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र के तकरोही संतपुरम में एक महिला ने मायके वालों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए युवक के सीढ़ियों से गिरने की कहानी बताई लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पूरा मामला खुल गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी, सास-ससुर और दो सालों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में सबसे छोटे साले की भूमिका की भी जांच कर रही है।

 

पुलिस के मुताबिक तकरोही संतपुरम निवासी पंकज तिवारी (26) का करीब चार साल पहले नेहा से प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद दोनों संतपुरम में ही रह रहे थे। बताया जा रहा है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोगों से विवाद के चलते पंकज ने अपने घरवालों से संबंध तोड़ लिए थे।इंस्पेक्टर इंदिरानगर अजय नारायण सिंह ने बताया कि रविवार को पंकज के ससुराल वालों ने पुलिस को बताया था कि 6 अगस्त की रात पंकज सीढ़ियों से गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। शरीर पर चोट के निशान भी मिले थे।

 

यह भी पढ़ें: बेटे की चाहत में SDO ने रची बच्चा चोरी की साजिश! नर्स को दी 5 लाख की सुपारी

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज

पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की। इसके बाद बाराबंकी के बदोसराय क्षेत्र के मरकामऊ गांव निवासी पंकज के पिता दिनेश ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने नामजद आरोपियों से पूछताछ की तो उनके बयान में विरोधाभास सामने आया।पुलिस ने पंकज की पत्नी नेहा, सास बिंदु, ससुर बृजेश और सालों सौरभ व बॉबी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आरोपियों ने पंकज की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

 

जांच में सामने आया कि छह अगस्त को नेहा पंकज के साथ एक महिला के घर उसके कुत्ते की देखभाल करने गई थी। वहां पंकज को कुछ अधिक समय लग गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद दोनों घर पहुंचे तो वहां भी झगड़ा हुआ। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान नेहा और उसके परिजनों ने मिलकर पंकज के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद घटना को हादसा दिखाने के लिए पंकज के सीढ़ियों से गिरने की कहानी बनाई गई।

 

यह भी पढ़ें: महिला सुरक्षा के नाम पर 194 करोड़ खर्च, फिर क्यों बंद मिले लखनऊ के पिंक बूथ?

चार साल पहले किया था प्रेम विवाह, फिर टूट गए रिश्ते

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पंकज ने करीब चार साल पहले नेहा से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह ससुराल में ही रह रहा था। पंकज के पिता का आरोप है कि ससुराल वालों की बात मानने के बाद उनके बेटे ने घरवालों से संबंध तोड़ लिए थे।इंदिरानगर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और वारदात के पीछे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।