पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में बुधवार रात को चंद्रनाथ रथ नाम के शख्स की हत्या कर दी गई है। चंद्रनाथ रथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट थे। चश्मदीदों के मुताबिक, अपनी कार से जा रहे चंद्रनाथ का पीछा कर रहे कुछ लोगों ने उनकी कार रुकवाई और ताबड़तोड़ फायरिंग करके उनकी जान ले ली। घायल हालत में ही चंद्रनाथ को अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी है। इस मामले में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि यह सुनियोजित हत्या है और दो-तीन रेकी करने के बाद घटना को अंजाम दिया गया है। अन्य बीजेपी नेताओं ने इस वारदात की कड़ी निंदा की है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने भी इस घटना की निंदा करते हुए सीबीआई जांच की मांग की है।
बंगाल में चुनाव नतीजे आने के बाद से ही कई जगहों पर हिंसक घटनाएं हुए हैं जिनमें बीजेपी और टीएमसी के कुछ कार्यकर्ताओं की मौत हो गई है। कई जगहों पर टीएमसी के दफ्तरों में तोड़फोड़ की खबरें भी आई हैं। इसी के चलते मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भी पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सख्त कार्रवाई करें। वहीं, बीजेपी का कहना है कि टीएमसी के लोग ही उन्हें बदनाम करने के लिए बीजेपी के झंडे लेकर हमले कर रहे हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुकांत मजूमदार ने अपने कार्यकर्ताओं को भी नसीहत दी थी कि अगर वे ऐसी गतिविधियां करते हैं तो उन्हें बचाया नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें: सुवेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या, मध्यमग्राम में हुआ वारदात
कैसे हुई चंद्रनाथ रथ की हत्या?
यह घटना उत्तरी 24 परगना जिले में मध्यमग्राम क्षेत्र के दोहरिया में हुई, जहां शुभेंदु अधिकारी के सहायक चंद्रनाथ रथ पर हमला किया गया। बाइक पर सवार लोगों ने उन्हें करीब से गोली मार दी। हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की कार का पीछा किया, उसे रोका और उन पर गोली चला दी। हमला करने के तुरंत बाद हमलावर फरार हो गए। चंद्रनाथ रथ ड्राइवर के बगल में आगे की सीट पर बैठे थे। उनके ड्राइवर को भी गोली लगी और उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय समाचार चैनलों के अनुसार, गोलीबारी में चंद्रनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया, ‘पीड़ित को मृत अवस्था में लाया गया था। छाती पर कई गोलियां लगी थीं, एक गोली उनके पेट में भी लगी थी।’ पार्टी सूत्रों के अनुसार, चंद्रनाथ ने भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में शुभेंदु अधिकारी के चुनाव प्रचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जहां शुभेंदु ने तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी को हराया। घटना के चलते तनाव के बीच इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें: 3 सीटें, 11 पर्सेंट वोट, केरल में BJP ने तैयार कर ली जमीन? नतीजों से समझिए
क्या बोले शुभेंदु अधिकारी?
अपने सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के बारे में शुभेंदु अधिकारी ने कहा है, 'यह प्री प्लांड मर्डर है। यह डीजीपी ने कहा है कि दो-तीन रेकी करके हत्या की गई है। मामले की जांच की जा रही है। हम बहुत दुखी हैं और इसकी निंदा के लिए हमारे पास शब्द तक नहीं हैं। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने पीड़ित के परिवार से बात की है। पुलिस को कुछ सबूत मिले हैं और वह कार्रवाई करेगी।'
उन्होंने आगे कहा, 'यह 15 साल के महाजंगलराज का नतीजा है। बीजेपी सरकार जब अपना काम शुरू करेगी तो धीरे-धीरे गुंडों को साफ किया जाएगा।'
TMC पर भड़के बीजेपी नेता
इस घटना पर टीएमसी को आड़े हाथ लेते हुए बीजेपी नेता अर्जुन सिंह ने कहा है, 'ममता बनर्जी का जो भतीजा है वह स्पष्ट रूप से खूनी आदमी है। उसको एक पागल आदमी ने एक बार थप्पड़ मारा था, उसको 7 साल बाद पीसकर मार दिया था। उसको हार बर्बाद नहीं हो रही है। अब उसने बंगाल के लोगों को एक मैसेज दिया है और उस मैसेज में उसने चंद्रनाथ रथ की हत्या करवाई है। बिना तृणमूल के लिए यह काम कोई कर ही नहीं सकता है। आजकल रेकी करना बहुत आसान काम है और जहां एजेंसी ही मिली हुई हो, वहां तो और आसान काम है।'
यह भी पढ़ें: '...बाल कटाना है तो बाल कटाएंगे', अखिलेश बोले- सबकुछ पंडित जी पूछ के करेंगे
घटना के बारे में पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता ने कहा है, 'हमने जांच शुरू कर दी है और एक गाड़ी सीज की है जिसे इस घटना में इस्तेमाल किया गया है। गाड़ी का नंबर फर्जी है। जो नंबर गाड़ी पर था, वह सिलीगुड़ी का है लेकिन वह उस गाड़ी का नंबर नहीं है। हमने कई कारतूस बरामद किए हैं जिसमें जिंदा कारतूस भी शामिल हैं। अभी हम इतनी ही जानकारी दे सकते हैं।'
TMC ने की सीबीआई जांच की मांग
टीएमसी ने इस हत्या की निंदा की है और अदालत की निगरानी में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से इसकी जांच कराने की मांग की है। टीएमसी ने एक बयान में कहा, ‘हम मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की हत्या की कड़ी निंदा करते हैं, साथ ही पिछले तीन दिन में बीजेपी समर्थित उपद्रवियों की ओर से चुनाव बाद की हिंसा की कथित घटनाओं में तीन टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या की भी निंदा करते हैं। ये घटनाएं ऐसे समय हुई हैं जब राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हैं। हम इस मामले में अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच सहित कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं ताकि जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में लाया जा सके।’
टीएमसी ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं का कोई स्थान नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए।
