उत्तर प्रदेश के जालौन मेडिकल कॉलेज उरई में मंगलवार को छात्रों और जूनियर डॉक्टरों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, जालौन मेडिकल कालेज नर्सिंग छात्रों और जूनियर डॉक्टरों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद जूनियर डॉक्टर और नर्सिंग छात्रों एक दूसरे पर हमला बोल दिया।

 

गुट बनाकर छात्रों ने एक दूसरे को जमकर पीटा। मारपीट के वीडियो में दोनों गुट डस्टबीन, लात-घुंसे और वाइपर से एक दूसरे को पीट रहे हैं। जबकि, वहां पास में गार्ड भी मौजूद रहे लेकिन वह बीच-बचाव करने नहीं आए। वहां कुछ सीनियर डॉक्टरों ने मारपीट में बीच-बचाव करके दोनों गुटों को अलग करवाया।

नर्सिंग छात्रों ने हड़ताल शुरू की

मारपीट की घटना के विरोध में नर्सिंग छात्रों ने हड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, जूनियर डॉक्टरों ने भी मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। जब मारपीट हो रही थी तो वहीं मरीज अपने बेड पर बिमारी का इलाज करवा रहे थे।

 

 

 

कामकाज का बहिष्कार किया

जानकारी के मुताबिक, क्लिनिकल ड्यूटी के दौरान बीएससी नर्सिंग बैच-2022 के छात्रों और एमबीबीएस बैच-2021 के कुछ इंटर्न डॉक्टरों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया। घटना के बाद नर्सिंग छात्रों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने कामकाज का बहिष्कार कर दिया।

 

नर्सिंग छात्रों ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को लिखित में शिकायत दी है। छात्रों ने संबंधित एमबीबीएस इंटर्न से घटना के संबंध में लिखित माफी मांगने की मांग की है। जूनियर डॉक्टरों ने भी मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रदर्शन करके अपना पक्ष रखा। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से कॉलेज परिसर में तनाव बना हुआ है।