उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मुख्य शाखा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रिटायर्ड सूबेदार रामकुमार वर्मा ने बैंक लॉकर में रखे करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात गायब होने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी सामने आते ही बैंक प्रबंधन और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
रिटायर्ड सूबेदार रामकुमार वर्मा के मुताबिक उन्होंने वर्ष 2023 में अपने परिवार के कीमती और पुस्तैनी गहनों की सुरक्षा के लिए SBI की मुख्य शाखा में लॉकर लिया था। बीती 8 जून को वह अपनी पत्नी के साथ लॉकर से कुछ सामान निकालने पहुंचे। जब उन्होंने लॉकर खोला तो अंदर रखे सोने-चांदी के सभी जेवरात गायब मिले। यह देखकर परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल बैंक प्रबंधन को सूचना दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
पीड़ित का कहना है कि बैंक लॉकर केवल ग्राहक की चाबी से नहीं खुलता। इसके लिए बैंक के पास मौजूद मास्टर चाबी का उपयोग भी आवश्यक होता है। दोनों चाबियां एक साथ लगने के बाद ही लॉकर खुलता है।
रामकुमार वर्मा का आरोप है कि यदि लॉकर से जेवरात गायब हुए हैं तो बिना बैंक के अंदरूनी तंत्र की जानकारी के यह संभव नहीं लगता। इसी कारण उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
यह भी पढ़ें: पहले पीटा, बाद में पैरों में सुइयां चुभोईं, बाप ने अपनी बेटी को क्यों मार डाला?
करीब एक करोड़ के बताए जा रहे गहने
पीड़ित परिवार का दावा है कि लॉकर में पुस्तैनी सोने-चांदी के आभूषण रखे गए थे, जिनकी मौजूदा बाजार कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है। परिवार का कहना है कि वर्षों की जमा पूंजी और विरासत के रूप में मिले गहने लॉकर में सुरक्षित रखे गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक के लॉकर रूम और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: 5 लाख वेतन का ऑफर फिर भी नहीं टिक रहे डॉक्टर, UP में 40 फीसदी पद खाली
बैंक प्रबंधन ने क्या कहा?
बैंक प्रबंधन का कहना है कि निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के तहत किसी भी ग्राहक का लॉकर कोई बाहरी व्यक्ति नहीं खोल सकता। हालांकि पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आखिर लॉकर से जेवरात गायब कैसे हुए और इस घटना के पीछे क्या कारण रहेयदि लॉकर सुरक्षित था तो गहने कहां गए?बिना मास्टर चाबी के लॉकर कैसे खुल सकता है?क्या किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका है?
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। बैंक लॉकर से करोड़ों रुपये के जेवरात गायब होने की घटना ने ग्राहकों के बीच भी चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी है।
