कर्नाटक के कोडागु जिले के दुबारे हाथी शिविर में दो प्रशिक्षित हाथियों के बीच भीषण लड़ाई हो गई। हाथियों की इस लड़ाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इस दौरान एक महिला की दबकर मौत हो गई। दोनों हाथियों की लड़ाई के दौरान संतुलन बिगड़ने से एक हाथी महिला के ऊपर गिर गया था। कर्नाटक के वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण मंत्री ईश्वर खांड्रे ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

 

मंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए कि आम लोग वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाकर रखें। अधिकारियों के अनुसार, तमिलनाडु की रहने वाली पर्यटक 33 साल की तुलसी नदी के पास खड़ी होकर हाथियों को नहलाए जाने का नजारा देख रही थीं, तभी यह हादसा हुआ।

 

यह भी पढ़ें: मुंबई-हाइवे पर टेंपो और कंटेनर की भीषण टक्कर, अब तक 11 की मौत, 20 घायल

नहाते हुए दोनों लड़े

अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षित हाथी 'कांजन' और 'मार्तंड' को जब नहलाया जा रहा था, तभी वे आपस में लड़ने लगे। महावतों द्वारा उन्हें नियंत्रित करने की कोशिशों के बावजूद कांजन ने मार्तंड पर जोरदार हमला कर दिया। इस हमले से मार्तंड का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ा, जिससे महिला उसके नीचे दब गई और उसकी मौत हो गई।

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: '50 लाख और फॉर्चूनर मांग रहे थे', नोएडा में महिला की मौत पर ससुराल पर लगे आरोप

कड़े कदम उठाने के निर्देश

इस घटना को स्तब्धकारी बताते हुए मंत्री ईश्वर खांड्रे ने कहा कि यह 'अत्यंत पीड़ादायक' है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मंत्री के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, उन्होंने इस मामले की व्यापक जांच के आदेश दिए हैं और अधिकारियों को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।