उत्तर प्रदेश के कासगंज में युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेमी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर युवती को रुपये और जेवर लेकर बुलाया और बाद में उसकी हत्या कर दी। युवती के शव को नलकूप की छत पर छोड़ दिया गया था। घटनास्थल से मिले हेडफोन समेत दूसरे सुरागों के आधार पर पुलिस ने प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी समीर को रुपयों की जरूरत थी। कुछ दिन पहले उसने युवती से 8 हजार रुपये उधार भी लिए थे। उसे जानकारी थी कि युवती के घर में कमेटी के रुपये और जेवर रखे हैं। इसके बाद समीर ने अपने साथियों अरसद, अमित और अरसलान के साथ मिलकर रुपये और जेवर हासिल करने की योजना बनाई।समीर के कहने पर युवती घर से 1 लाख 35 हजार 100 रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लेकर निकली थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घर से निकलने से पहले उसने अपनी बड़ी बहन को नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया और कमरे में बाहर से कुंडी लगा दी थी।

 

यह भी पढ़ें: नशा करने के लिए मां से मांगे 60 रुपये, नहीं दिए तो कुल्हाड़ी से काट डाला

खेत के पास ले जाकर की हत्या

पुलिस के मुताबिक, युवती के घर से निकलने के बाद आरोपी उसे फतेह सिंह के खेत के पास ले गए। वहां उसके गले में पड़े दुपट्टे से गला दबाकर उसे बेहोश किया गया। इसके बाद समीर ने चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवती की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान किसी वाहन की रोशनी वहां पड़ गई। इससे आरोपी घबरा गए और शव को नष्ट करने की योजना छोड़कर उसे नलकूप की छत पर छोड़कर फरार हो गए।

आरोपियों ने पहचान और साक्ष्य मिटाने के लिए युवती के कपड़े और हवाई चप्पलें भी उतार दी थीं। रुपये और जेवर जिस बैग में थे, उसे भी अपने कब्जे में ले लिया। मोबाइल से सिम निकालने के बाद कपड़े, चप्पल और बैग को पुरानी रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में आग लगाकर फेंकने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।

 

ट्यूबवेल की छत पर मिला शव

कासगंज के अशोक नगर इलाके में बुधवार को युवती का शव नलकूप की छत पर मिला था। सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए। इनमें मिला हेडफोन भी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग बना।पुलिस ने युवती के घर से निकलने, उसके मोबाइल और आरोपियों से संपर्क समेत दूसरे साक्ष्यों की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

 

यह भी पढ़ें: गणेश विसर्जन में लखनऊ में बड़ा हादसा, नदी में डूबे 3 युवक, गांव में मचा कोहराम

प्रेमी समेत चार गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समीर के अलावा अरसद, अमित और अरसलान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक रुपये और जेवर हड़पने के लिए युवती की हत्या किए जाने की बात सामने आई है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मामले से जुड़े सामान की बरामदगी का भी दावा किया है। चारों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।