केरल के त्रिशूर में एक महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। महिला अपने पुरुष दोस्त के साथ लॉज में रुकी थी। इसी दौरान कुछ लोग खुद को पुलिसकर्मी बताकर लॉज के कमरे में पहुंचे और दोनों को जबरन अपने साथ ले गए। रास्ते में महिला के दोस्त के साथ मारपीट की गई जिससे उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। बाद में उसे तमिलनाडु के तिरुप्पुर के पास एक अस्पताल के बाहर छोड़ दिया गया। इसके बाद महिला को दूसरी गाड़ी में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया गया।

 

यह घटना 22 सितंबर की बताई जा रही है। महिला और उसका दोस्त दोनों तमिलनाडु के तिरुप्पुर के रहने वाले हैं। दोनों त्रिशूर के KSRTC बस स्टैंड के पास एक लॉज में रुके थे। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान बदमाशों का एक समूह वहां पहुंचा और खुद को पुलिसकर्मी बताया। इसके बाद दोनों को बंधक बनाकर कार से तमिलनाडु ले जाया गया।

 

यह भी पढ़ें: बंद हो गया विक्रमशिला पुल, अब फेरी के जरिए पार होगी नदी

फोन की लोकेशन से मिली जानकारी

पुलिस को शक है कि इस पूरी घटना के पीछे महिला के दोस्त की पत्नी का हाथ है। जांच में सामने आया है कि वह अपने पति के फोन की लोकेशन देख रही थी। जब उसे पता चला कि उसका पति महिला के साथ त्रिशूर के लॉज में है तो उसने यह जानकारी उन लोगों तक पहुंचाई जिन्होंने दोनों को वहां से उठाया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पत्नी ने ही हमले के लिए इन लोगों को भेजा था या नहीं।

 

बदमाश पुलिस बनकर लॉज के कमरे में घुसे। उन्होंने महिला और उसके दोस्त के हाथ-पैर बांध दिए और दोनों के मुंह पर कपड़ा बांध दिया। इसके बाद दोनों को जबरन कार में बैठाकर तमिलनाडु ले गए। रास्ते में महिला के दोस्त के साथ बुरी तरह मारपीट की गई। उसके हाथ और पैर में कई जगह फ्रैक्चर हो गए।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में टीबी खत्म करने का बड़ा अभियान, गांव-गांव होगी जांच, मुफ्त मिलेगा इलाज

दोस्त को अस्पताल के बाहर छोड़ा

तमिलनाडु पहुंचने के बाद बदमाशों ने महिला के दोस्त को तिरुप्पुर के पास एक अस्पताल के बाहर छोड़ दिया। इसके बाद गैंग के दो लोग महिला को दूसरी कार में लेकर गए। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान महिला के साथ यौन हिंसा की गई। बाद में महिला की शिकायत के आधार पर तमिलनाडु पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच के लिए इसे त्रिशूर सिटी पुलिस को सौंप दिया। इस मामले की जांच त्रिशूर के सहायक पुलिस आयुक्त ने की। 

 

जांच के दौरान एक आरोपी को नेदुंबस्सेरी एयरपोर्ट के पास से पकड़ा गया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने तिरुप्पुर से तीन और लोगों को गिरफ्तार किया। इसके बाद पांचवें आरोपी को तमिलनाडु के पलानी से पकड़ा गया। सभी को कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस के मुताबिक, एक और व्यक्ति के इस मामले में शामिल होने का शक है और उसके नाबालिग होने की बात कही जा रही है। उसकी तलाश जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के दोस्त की पत्नी की इस पूरी घटना में क्या भूमिका थी और उसने आरोपियों से किस तरह संपर्क किया। मामले में आगे की जांच जारी है।