उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में खाकी की आड़ में लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को पुलिसकर्मी बताकर बदमाशों ने जौनपुर से दिल्ली जा रही स्लीपर बस को रास्ते में रुकवाया और एक सर्राफा कारोबारी को तस्करी के झूठे आरोप में फंसाने की धमकी देकर सोने के आभूषणों और नकदी से भरा बैग लूट लिया। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात में लखनऊ में तैनात एक कांस्टेबल और राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) का एक कर्मचारी भी शामिल निकला। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 844 ग्राम सोने के आभूषण और टुकड़े, 1.82 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो बरामद की गई है। वहीं, जौनपुर में तैनात एक अन्य कांस्टेबल समेत चार आरोपियों की तलाश जारी है।
वारदात 21 नवंबर की रात करीब डेढ़ बजे सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के खुर्दही बाजार स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने हुई। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर के रहने वाले और दिल्ली के करोल बाग में रहकर कारोबार करने वाले महेंद्र दास अपने जीजा छोटू साहू के साथ सोने के आभूषण बनाकर व्यापारियों को सप्लाई करते हैं।20 नवंबर को जौनपुर के सर्राफा कारोबारियों को आभूषण देने के बाद दोनों 21 नवंबर की रात खजुराहो ट्रैवल्स की स्लीपर बस से दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से पहुंचे बदमाशों ने बस रुकवा दी। आरोपियों ने खुद को जौनपुर पुलिस का कर्मचारी बताया और महेंद्र दास पर तस्करी का आरोप लगाते हुए उन्हें जबरन बस से नीचे उतार लिया।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज: सैलून में शेविंग करा रहे हत्याकांड के एक गवाह की गोली मारकर हत्या
इसके बाद कारोबारी को अपनी कार में बैठाया और उनका मोबाइल फोन, नकदी तथा सोने के आभूषणों से भरा बैग छीन लिया। लूटा गया सामान पीछे चल रही स्कॉर्पियो में सवार अपने साथियों को सौंप दिया। बदमाश कुछ दूर आगे जाकर कारोबारी को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस की वर्दी में शामिल निकला कांस्टेबल
जांच में इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू सामने आया। लूट की साजिश में केवल अपराधी ही नहीं, बल्कि सरकारी विभागों से जुड़े कर्मचारी भी शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, जौनपुर में सोने के आभूषण बनाने वाला तिलक मांझी पहले से महेंद्र दास को जानता था। उसने सुनार प्रीतम सोनी के साथ मिलकर कारोबारी के पास मौजूद सोना लूटने की योजना बनाई।इस साजिश में जौनपुर में तैनात कांस्टेबल विनय शंकर, लखनऊ में तैनात कांस्टेबल दुर्गेश कुमार कुशवाहा और DRI लखनऊ में कार्यरत अविनाश शाही को भी शामिल किया गया। योजना के तहत अविनाश शाही उसी बस में यात्री बनकर सवार हुआ, जिसमें महेंद्र दास दिल्ली जा रहे थे। उसने बस में कारोबारी की पहचान और उनके सफर की जानकारी जुटाई। इसके बाद लखनऊ में मौजूद अपने साथियों को बस रुकवाने का इशारा किया।मौका मिलते ही साथियों ने पुलिसकर्मी बनकर बस रुकवाई और कारोबारी को तस्करी के झूठे आरोप में फंसाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सोने और नकदी से भरा बैग छीनकर स्कॉर्पियो में सवार साथियों के हवाले कर दिया। इस तरह सरकारी विभाग की पहचान और पुलिस की वर्दी का रौब दिखाकर पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।
यह भी पढ़ें: भाई के अंतिम संस्कार में जा रहे थे पति-पत्नी, सड़क हादसे में दोनों की मौत
250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
25 नवंबर को पीड़ित महेंद्र दास की शिकायत पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए 10 टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर आरोपियों के भागने के संभावित रास्तों तक करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई।लगातार जांच के बाद पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिली। गुरुवार को संयुक्त टीमों ने पांचों आरोपियों को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे लूटे गए सोने का आपस में बंटवारा करने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 844 ग्राम सोने के आभूषण और टुकड़े, 1 लाख 82 हजार रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो कार बरामद की।
पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें जौनपुर निवासी 32 वर्षीय प्रीतम सोनी शामिल है, जो पेशे से सुनार है। दूसरा आरोपी कानपुर नगर निवासी 29 वर्षीय अविनाश शाही है, जो लखनऊ में राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) में एमटीएस कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। तीसरा आरोपी कानपुर निवासी 33 वर्षीय राहुल चौहान है, जो लखनऊ के विभूतिखंड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता है।गिरफ्तार आरोपियों में देवरिया निवासी 40 वर्षीय दुर्गेश कुमार कुशवाहा भी शामिल है, जो लखनऊ में पुलिस कांस्टेबल के पद पर तैनात है। पांचवें आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मूल निवासी और वर्तमान में जौनपुर में रहने वाले 32 वर्षीय तिलक मांझी के रूप में हुई है। वह सोने के आभूषण बनाने का काम करता है और पीड़ित महेंद्र दास से पहले से परिचित था। पुलिस के मुताबिक, इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर कारोबारी के पास मौजूद सोने की जानकारी हासिल की गई और लूट की साजिश रची गई।
जौनपुर में तैनात एक और कांस्टेबल समेत चार फरार
पुलिस की जांच में इस वारदात में जौनपुर में तैनात कांस्टेबल विनय शंकर की भूमिका भी सामने आई है। इसके अलावा उसका भाई रविशंकर, सागर सेठ और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति भी इस लूटकांड में शामिल बताए गए हैं। ये चारों अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर फरार लोगों की भूमिका और लूटे गए सामान के बंटवारे से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: मां-बेटी की गला रेतकर हत्या, बाहर से बंद था मकान; ताला तोड़कर अंदर पहुंचे परिजन
खाकी की आड़ में लूट, पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल
इस पूरे मामले ने पुलिस और सरकारी विभागों से जुड़ी पहचान के दुरुपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस वर्दी को देखकर आम आदमी सुरक्षा और भरोसे की उम्मीद करता है, उसी वर्दी का इस्तेमाल कारोबारी को डराने और लूटने के लिए किया गया। बस में यात्री बनकर रेकी करना, पुलिसकर्मी बताकर वाहन रुकवाना और फिर सोने से भरा बैग लेकर फरार हो जाना इस गिरोह की सुनियोजित साजिश को उजागर करता है।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इस गिरोह ने पहले भी इसी तरह कारोबारियों को निशाना बनाया था।
