पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल पुलिस पर मनमाने तरीके से मामले दर्ज करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस हमारे नेताओं से कह रही है कि ममता बनर्जी की टीएमसी में मत रहो। उन्होंने लाइव आकर लोगों के तमाम सवालों के जवाब दिए और बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। इसके साथ ही उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेने वाली हैं। 

 

ममता बनर्जी ने कहा, 'पुलिस बिना सोचे-समझे केस दर्ज कर रही है। वे हमारे लोगों से कह रहे हैं कि ममता की टीएमसी का हिस्सा मत बनो। बिना सबूत के वे लोगों को गिरफ्तार कर रहे हैं। जो अधिकारी ऐसा कर रहे हैं, हम उनके नाम नोट कर रहे हैं।' उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें राजनीतिक रैलियां करने की अनुमति नहीं दी जा रही है और इसके लिए उन्हें अदालत का रुख करना पड़ रहा है।

 

यह भी पढ़ें: CJP ने किया आंदोलन का एलान, 5 सितंबर को इंडिया गेट से शुरू होगा मार्च

चुनाव को लेकर उठाए सवाल

इस दौरान ममता बनर्जी ने चुनाव परिणाम को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव सही तरीके से नहीं जीता गया। ममता ने कहा, 'आपने चुनाव सही तरीके से नहीं जीता है।' उन्होंने इस मुद्दे को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR से भी जोड़ते हुए कहा कि SIR का मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में है। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग को चुनौती देते हुए कहा कि जिन नामों को लेकर फैसला हो चुका है, उन्हें वोटर लिस्ट में शामिल किया जाना चाहिए। 

 

 

उन्होंने कहा, 'आपने चुनाव सही तरीके से नहीं जीता। SIR का मामला अभी भी सुप्रीम कोर्ट में है। अगर चुनाव आयोग में हिम्मत है, तो उन्हें उन नामों को जोड़ना चाहिए जिन पर फैसला हो चुका है।' ममता बनर्जी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो हम विरोध करेंगे।

राजनीति से संन्यास लेंगी ममता बनर्जी?

ममता बनर्जी ने साफ कर दिया है कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेने वाली हैं उन्होंने अपनी आगे की राजनीति के बारे में बात करते हुए कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया और कहा, 'मैं राजनीतिक संन्यास नहीं ले रही हूं और तब तक नहीं रुकूंगी जब तक BJP को हाशिए पर न धकेल दूं।' 

 

यह भी पढ़ें: वर्क फ्रॉम होम, स्कूल ऑनलाइन, बारिश से बेहाल गुरुग्राम में एडवाइजरी जारी

बीजेपी सरकार पर बोला हमला

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की राज्य सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सिर्फ चार महीनों में ही बंगाल के लोगों को बीजेपी का असली चेहरा समझ आ गया। जनगणना की कवायद NRC लागू करने का एक और चोर दरवाजा है, जिसे राजनीतिक दलों से सलाह-मशविरा किए बिना लागू किया गया है। ममता ने आरोप लगाया कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में महिलाएं अन्नपूर्णा भंडार आर्थिक सहायता योजना का पैसा मिलने में देरी के खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं। राज्य की बीजेपी सरकार अपात्रता का बहाना बनाकर लाभार्थियों की संख्या घटा रही है।