उत्तर प्रदेश के मेरठ में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की महिला मंडल मंत्री सारिका त्यागी के साथ मारपीट हुई। सारिका त्यागी की अपने पड़ोसियों के साथ बहस हुई, जिसके बाद यह बहस मारपीट में तब्दील हो गई। सारिका और उनकी बेटी को एक शख्स ने थप्पड़ मारा था। जब पुलिस मारपीट रोकने गई तो पुलिस को भी धक्का दिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह घटना संजय नगर इलाके में रहने वाली बीजेपी महिला मंडल मंत्री सारिका त्यागी के साथ हुई। उनका पड़ोस में रहने वाले अमित गुप्ता के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट हुई। जानकारी के लिए बता दें कि यह घटना शनिवार यानी 7 नवंबर को हुई थी। पुलिस इस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। पुलिस जांच-पड़ताल में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़ें: 'कृष्ण भगवान टेढ़े', धीरेन्द्र शास्त्री के बयान पर मचा हंगामा
वायरल वीडियो में क्या है?
इस घटना को लेकर दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में देखा जा सकता है कि गली के बीच में एक कार खड़ी की गई है। उसी गाड़ी से एक शख्स उतरा था, जिससे सारिका की बहस हुई। उस दौरान सारिका के सामने वह शख्स हाथ जोड़ रहा था, जबकि सारिका उस पर गुस्सा करती नजर आ रही थीं। सारिका पर आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर शख्स को गाली भी दी थी। इसके अलावा, कार की पिछली सीट पर बैठे युवक पर कुछ अन्य लड़कों ने हमला किया था। जब युवक कार से निकलकर भागने लगा तो हमलावरों ने उसका पीछा किया।
इसके बाद दूसरी वीडियो में देखा जा सकता है कि सारिका और उनके पड़ोसियों के बीच बहस जारी है। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि एक शख्स ने सारिका को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दूसरे शख्स ने सारिका की बेटी को भी थप्पड़ मारा। पुलिस ने मारपीट रोकने की कोशिश की तो युवकों ने पुलिस को भी धक्का मार दिया।
यह भी पढ़ें: न प्रवचन, न चमत्कार, वृंदावन के 19 साल के बाबा के पीछे क्यों दीवाने हुए Gen-Z?
पुलिस की जांच-पड़ताल
इस मामले को लेकर सिविल लाइन क्षेत्र की पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। जब पुलिस को इस मारपीट की जानकारी मिली थी तो वह तुरंत मौके पर पहुंची थी। मेरठ की डिप्टी एसपी सौम्या आस्थाना ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज हुआ है। अब मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
