उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक शादी में दहेज में कार मांगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लड़के वालों ने लड़की के परिवार से दहेज में थार गाड़ी मांगी। इस पर लड़की वालों ने दूल्हे के पिता को असली कार की जगह खिलौने वाली स्कॉर्पियो दे दी। इसके बाद शादी करने से साफ मना कर दिया। यह पूरा मामला मेरठ के ज्ञानपुर गांव का है। यहां रहने वाले शमशेर के बेटे की शादी सोलाना गांव में तय हुई थी। दोनों परिवार शादी की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच दूल्हे वालों ने थार गाड़ी की मांग रख दी थी।
रिपोर्ट के अनुसार, दूल्हे के परिवार के करीब छह लोग शादी का कार्ड लेकर लड़की वालों के घर पहुंचे थे। लड़की वालों ने उनका अच्छे से स्वागत किया। उनके खाने-पीने और रहने का पूरा इंतजाम किया गया। दूल्हे पक्ष के लोग रातभर वहीं रुके। इसी दौरान दोनों परिवारों के बीच में थार गाड़ी को लेकर भी बात हुई। लड़की वालों ने सुबह तक गाड़ी देने की बात कही। दूल्हे पक्ष को लगा कि उनकी मांग पूरी हो जाएगी। लेकिन सुबह उनके साथ कुछ अलग ही हुआ।
असली थार की जगह दे दी खिलौने वाली स्कॉर्पियो
सुबह जब लड़के पक्ष वाले थार गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। तभी लड़की वालों ने दूल्हे के पिता को खिलौने वाली स्कॉर्पियो कार दे दी। खिलौने वाली स्कॉर्पियो देते हुए उन्होंने कहा कि आपने थार मांगी, हमने स्कॉर्पियो दी। इसे लेकर घूमिए। इतना ही नहीं इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया। जोकि अब इंटरनेट पर बहुत वायरल हो रहा है।
इसके बाद लड़की वालों ने शादी करने से मना कर दिया। दुल्हन ने भी इस रिश्ते से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि लड़की के पिता ने एक महीने पहले जमीन बेची थी। जैसे ही इस बात की जानकारी लड़के वालों को मिली तो उन्होंने कार की मांग की। लड़की पक्ष वालों ने उन्हें बहुत समझाने की कोशिश भी की। लेकिन लड़के के परिवार वाले अपनी बात पर अड़े रहे।
यह भी पढ़ें: 'एंट्री रोकी, लात-घूंसे मारे, CINTAA दफ्तर में अभिनेता दीपक काजिर के साथ मारपीट
शनिवार को तोड़ दिया रिश्ता
इसके बाद शनिवार (28 नवंबर) को लड़की के पिता ने लड़के वालों को अपने घर किसी रस्म के लिए बुलाया। इस दौरान उन्हें सुबह से शाम तक गाड़ी के इंतजार में बैठा कर रखा। फिर शाम को खिलौने वाली स्कॉर्पियो देकर रिश्ता तोड़ दिया। घटना की वायरल वीडियो में सुना जा सकता है कि लड़की के पिता ने कहा, 'तुम्हें इंसान की जरूरत नहीं थी, तुम्हें गाड़ी चाहिए थी। ये लो स्कॉर्पियो, इसे हाथ में पकड़ो और बहुत चलाना। तुम अपने घर रहो और हम अपने घर। हमें अब यह शादी नहीं करनी।' हालांकि, इस मामले पर पुलिस की किसी भी तरह की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
