महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय वायुसेना (IAF) के एक अधिकारी की पत्नी के साथ हुए बलात्कार, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन के गंभीर मामले में नागपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी और लंबे समय से फरार चल रहे 38 वर्षीय मौलवी हजरत मौलाना को गिरफ्तार कर लिया है। मौलवी मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया का रहने वाला है और पुलिस की तलाश के बाद बुधवार देर रात उसने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया है।
यह मामला 13 जून 2026 को तब सामने आया जब 24 वर्षीय पीड़िता ने नागपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़ी है और मुख्य आरोपी अय्याज ताज मदारे उसका स्कूल का सहपाठी था। फरवरी 2025 में अय्याज ने प्लॉट खरीदने के बहाने महिला से संपर्क किया और उसे नागपुर के वर्धा रोड स्थित एक होटल में बुलाया। आरोप है कि वहां महिला को नशीला जूस पिलाकर बेहोश किया गया और फिर अय्याज ने उसका बलात्कार करके अश्लील तस्वीरें व वीडियो बना लिए।
यह भी पढ़ें: 'गुस्ताख ए नबी की एक सजा' पर नाचे स्कूली बच्चे, अब पुलिस कर रही है जांच
ब्लैकमेलिंग से लिए लाखों रुपये
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उन्हीं अश्लील वीडियो का डर दिखाकर उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल किया। उन्होंने धमकी दी कि अगर महिला उनकी बात नहीं मानती है, तो वह ये वीडियो भारतीय वायुसेना में तैनात उसके पति को भेज देंगे। इन धमकियों का फायदा उठाकर आरोपियों ने महिला का शारीरिक शोषण किया और उससे लाखों रुपये की मांग की।
31 मई को बताया गया कि जब पीड़िता को कालमेश्वर ले जाया गया। वहां मौलवी हजरत मौलाना ने जबरदस्ती महिला से बार-बार 'कुबूल है' बुलवाया। उसे जबरन मांस खिलाया गया और होटल ले जाकर फिर से बलात्कार किया गया। पीड़िता के मुताबिक, उसे धर्म बदलने और शादी करने के लिए मजबूर किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उस पर सम्मोहन और काले जादू का इस्तेमाल किया था।
यह भी पढ़ें: मुस्लिम लड़की ने हिंदू बन रचाई शादी, सुहागरात पर खुली पोल, फिर जो हुआ...
पुलिस की जांच
पुलिस ने इस मामले में बलात्कार, जबरन वसूली, धमकी देने और अवैध धर्मांतरण सहित 'महाराष्ट्र मानव बलि और दूसरे अमानवीय, दुष्ट और अघोरी प्रथाओं और काला जादू उन्मूलन अधिनियम' के तहत गंभीर धाराएं दर्ज की हैं। इस मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें पीड़िता मदद की गुहार लगा रही है और अय्याज उस पर धार्मिक आयतें पढ़ रहा है। पुलिस इस वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। इससे पहले, पुलिस अय्याज ताज मदारे और उसके साथी अमीन शेख को भी गिरफ्तार कर चुकी है, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
