उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र के जायघा गांव में एक चौंकाने वाली हत्या हुई है। घर के बाहर चारपाई पर सो रही मीना देवी की कुल्हाड़ी और बांस के डंडे से निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का मात्र 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी लला उर्फ सहदेव और उसके साथी रन सिंह उर्फ बसंतू को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे 15 साल पुरानी रंजिश थी। पूछताछ में लला उर्फ सहदेव ने बताया कि करीब 15 साल पहले किसी विवाद के दौरान मीना देवी ने उसके पिता को गांव में चप्पलों से पीटा था।
इस घटना से हुई बेइज्जती का बदला लेने का फैसला उसने उसी समय कर लिया था। मौका मिलते ही उसने अपने साथी के साथ मिलकर मीना देवी की हत्या कर दी।पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है।
सोते समय किया हमला
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात दोनों आरोपी महिला के घर पहुंचे। जब वह चारपाई पर सो रही थी, तभी एक आरोपी ने बांस के डंडे से हमला किया, जबकि दूसरे ने कुल्हाड़ी से सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: नाबालिग साली से शादी करना चाहता था पति, पत्नी ने रोका तो पिलाया तेजाब, मौत हो गई
बेटे की तहरीर से खुली जांच की दिशा
शुक्रवार सुबह शव मिलने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतका के बेटे देवेंद्र सिंह ने गांव के दो लोगों के खिलाफ पुरानी रंजिश का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों तक पहुंच गई।
सबूत मिटाने की भी की कोशिश
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी कुल्हाड़ी और बांस का डंडा नदी किनारे झाड़ियों में फेंक आए। घटना के समय पहने कपड़ों को भी ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिए।
यह भी पढ़ें: FBI अधिकारी बनकर अमेरिकियों को लूटते थे, लखनऊ में निलका ऑफिस, पकड़े गए 119 लोग
24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा
अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हत्या के पीछे 15 साल पुरानी रंजिश और बदले की भावना को वजह बताया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


