ओडिशा की सरकारी स्कूलों की नई किताबों में सामने आई गलतियों को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। ओडिशा से ही एक और बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पांचवी क्लास की अंग्रेजी की किताब में बॉलीवुड का गाना प्रिंट हुआ है। यह गाना एश्वर्या राय की फिल्म का है जिसका नाम निंबुड़ा निंबुड़ा है। अब इस बात को लेकर सोशल मीडिया पर ओडिशा सरकार और अधिकारियों की जमकर आलोचना हो रही है।

 

रिपोर्ट्स के अनुसार, पांचवी क्लास की अंग्रेजी की किताब में एक पाठ की जगह 'निंबुड़ा-निंबुड़ा' गीत छप गए। यह गीत मूल रूप से एक राजस्थानी लोकगीत है, जिसे 1999 में आई फिल्म हम दिल दे चुके सनम में ऐश्वर्या राय ने फिल्माया था। इस किताब की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया।

 

यह भी पढ़ें: 'कह दो ओपन हार्ट सर्जरी हुई है', ऑनलाइन सुनवाई के दौरान वकील ने फोन पर बोला झूठ

आठवीं की किताब में भी छपा गाना

ओडिशा के सरकारी स्कूलों की किताबों में कई जगह गलतियां मिली है। आठवीं क्लास की एक किताब में कश्मीरी लोक गीत के उदाहरण के तौर पर 'रिंद पोश माल' गाना भी दिया गया है। यह गाना साल 2000 में आई फिल्म मिशन कश्मीर ने लोकप्रिय बनाया था। इनके अलावा पांचवी की क्लास में ओडिशा का एक गाना और तीसरी की किताब में 'बुम्ब्रो-बुम्ब्रो'गाने का जिक्र है। इन गानों को लोकगीत के उदाहरण के तौर पर पेश किया गया है, जिसके बाद से विवाद हो रहा है। 

किताबों में  मिली गलतियां

एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि ये गाने छात्रों को देश के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति से परिचित कराने के लिए किताबों में शामिल किए गए थे। ओडिशा सरकार ने भी इसी कड़ी में इन गानों को जोड़ा है। यह पूरा मामला उस समय सामने आया है, जब SCERT की किताबों में 1678 गलतियां पाई गई हैं। इसके बाद इन किताबों की जांच चल रही है। किताबों में सिर्फ गाने ही नहीं जोड़े गए बल्कि व्याकरण की गलतियां, स्पेलिंग की गलतियां और गलत जानकारी भी शामिल है।

 

यह भी पढ़ें: Openion: छात्रों की आत्महत्या व्यक्तिगत नहीं, सामाजिक असफलता है

न्यूटन को बताया पायलट

इतना ही नहीं इन किताबों में कई बहुत बड़ी गलतियां भी देखने को मिली हैं। कर्नाटक विधानसभा की इमारत को ओडिशा की बता दिया गया है। न्यूटन को सबसे महान पायलट लिखा गया है। इसके साथ ही कर्नाटक के हम्पी को कोणार्क सूर्य मंदिर बता दिया गया है। इस मामले में अब तक SCERT के पूर्व डायरेक्टर समेत चार बड़े अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इन गलतियों के सामने आने के बाद सरकार और शिक्षा विभाग को सोशल मीडिया पर जमकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।