ओडिशा के बलांगीर जिले में एक आदमी ने अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए अंधविश्वास में आकर एक इंसान की जान ले ली और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। इस मामले में पुलिस ने बागडा गांव के रहने वाले 40 साल के आरोपी शत्रुघ्न साहू को गिरफ्तार कर लिया है। उसके घर से ही गायब सिर के साथ हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।
आरोपी शत्रुघ्न साहू की पत्नी पिछले 11 साल से अपने मायके पटनागढ़ में रह रही थी और उसके दोनों बच्चे भी उससे अलग रह रहे थे। शत्रुघ्न अकेला रहता था और उसके पड़ोसी बताते हैं कि वह किसी से ज्यादा बात नहीं करता था। उसके मन में यह अंधविश्वास बैठ गया था कि अगर वह किसी की बलि देगा तो उसकी पत्नी वापस आ जाएगी। इसी सोच की वजह से वह पिछले कुछ समय से किसी ऐसे व्यक्ति की तलाश कर रहा था जिसे वह अपना शिकार बना सके।
यह भी पढ़ें: iPhone की जिद बनी परिवार के लिए काल, बेटे को बचाने गए माता-पिता की भी मौत
तांत्रिक बनकर क्या किया?
पुलिस ने बताया कि 18 अगस्त को आरोपी ने बलांगीर बस स्टैंड पर 45 साल के संतोष खारसेल को देखा। संतोष तेपरमुंडा गांव का रहने वाला था और परिवार के लोगों के अनुसार उसकी मानसिक हालत भी ठीक नहीं थी जिसके चलते आरोपी ने उसे अपना शिकार बना लिया और अपने साथ घर ले आया। उसी रात शत्रुघ्न ने घर के अंदर लोहे की कटारी से संतोष पर हमला कर दिया और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद उसने सबूत मिटाने के लिए संतोष के बिना सिर वाले शरीर को घर से सिर्फ 20 मीटर दूर एक तालाब में फेंक दिया। संतोष के परिवार ने 18 अगस्त को ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस को पहले तो यह लगा कि हत्या के बाद सबूत छिपाने के लिए शरीर को फेंका गया है लेकिन जब पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो उन्हें पता चला कि संतोष आखिरी बार शत्रुघ्न के साथ देखा गया था। जब पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली और वहां कमरे के अंदर एक गड्ढे से संतोष का कटा हुआ सिर बरामद किया तब जाकर इस खौफनाक मामले की असली वजह सामने आई। पुलिस को घर के अंदर पूजा का सामान भी मिला और आरोपी ने घर में रखी पीतल की मूर्तियों और तस्वीरों के सामने खून के निशान छोड़े थे जिनके सामने बैठकर वह पूजा कर रहा था।
यह भी पढ़ें: BJP विधायक ने मंदिर के लिए पास कराए पैसे, कार्यक्रम में गईं तो सीट ही नहीं मिली
पुलिस की जांच
उत्तरी रेंज के आईजी हिमांशु लाल और बलांगीर के एसपी अभिलाष जी ने इस मामले की पूरी जानकारी दी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके की जांच करके खून के सैंपल लिए हैं। पुलिस ने आरोपी के घर से खून से सने कपड़े, हत्या में इस्तेमाल हथियार और बाकी चीजें जब्त कर ली हैं और आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। पुलिस का कहना है कि इस हत्या में किसी और का हाथ नहीं था और आरोपी ने अकेले ही यह सब किया है। पुलिस अब इस मामले में मजबूत सबूत जुटाकर अगले 60 दिनों के भीतर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
