कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स ने महिला पर चाकू से हमला किया और बाद में खुद को कार में बंद करके बम से उड़ा लिया। जिला अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। तुमकुरु के पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने धमाके वजह और इसके पीछे की मकसद का पता लगाने का निर्देश दिया है।
कार में जिंदा जलने वाले शख्स की पहचान 30 वर्षीय नागेंद्र के तौर पर हुई है। नागेंद्र ने 23 वर्षीय राम्या उल्लास पर चाकू से हमला करने के बाद कार में धमाका किया। राम्या उत्तर कन्नड़ जिले की रहने वाली है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक वह बेंगलुरु के संजय गांधी अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर टेक्नीशियन के तौर पर काम करती है। वहीं घायल चालक की पहचान प्रवीण के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद: नवजातों का सौदा करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, अब तक 16 आरोपी गिरफ्तार
बहस होने पर लड़की को चाकू मारा
रिपोर्ट के मुताबिक बेंगलुरु में नागेंद्र ने कैब बुक की थी। ड्राइवर के मुताबिक नागेंद्र और राम्या एक साथ कार में सवार हुए। इसके बाद अंकोला की ओर चल पड़े। तुमकुरु के नजदीक पहुंचने पर दोनों में बहस होने लगी। मामला इतना बढ़ गया कि नागेंद्र ने राम्या पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक राम्या ने किसी तरह गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। ड्राइवर ने भी कार को एक किनारे रोका। तभी महिला ने बताया कि नागेंद्र के पास बम है। इस बीच गाड़ी में तेज धमाका हुआ। ड्राइवर किसी तरह कार से बाहर निकला, लेकिन उसको भी चोट आई।
यह भी पढ़ें: बच्ची को कुचलकर भागा ट्रक, 60 किमी तक पीछा करती रही पुलिस; ड्राइवर गिरफ्तार
पुलिस ने क्या शक जताया?
पुलिस को आशंका है कि नागेंद्र ने खुद को गाड़ी में बंद कर लिया। इसके बाद देसी बम से धमाका किया। वह देसी बम अपने साथ लाया था। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और अहम साक्ष्य जुटाए। अब धमाके के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा रहा है।


