संजय सिंह, पटना। बिहार विधानसभा का बजट सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्ष सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। राबड़ी आवास, लालू परिवार की सुरक्षा और टेंडर घोटाले जैसे मुद्दे सदन में गूंज सकते हैं। राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि इस बार विपक्ष भ्रष्टाचार और अपराध के मुद्दे पर सरकार पर हमलावर रहेगा। सरकारी स्तर पर भी विरोधियों को जवाब देने की पुरजोर तैयारी की जा रही है।
विधानसभा में राबड़ी आवास का मुद्दा सबसे ज्यादा गरमा सकता है। भवन निर्माण विभाग की ओर से 10, सर्कुलर रोड वाला सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस भेजा गया था। इसके बाद लालू प्रसाद और राबड़ी देवी का पूरा परिवार कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में शिफ्ट हो गया है। लेकिन अब नए मकान की जमीन को लेकर भी विवाद शुरू हो गया है। जेडीयू ने आरोप लगाया है कि जमीन अधिग्रहण में नियमों की अनदेखी हुई है। विपक्ष इस मुद्दे को सदन में उठा सकता है।
यह भी पढ़ें: मैहर में बड़ा हादसा: कुएं में गिरा बैल, बचाने उतरे चार लोग; 3 की मौत
आरजेडी विधायक सरकार से जवाब मांग सकते हैं
आरजेडी के विधायक सरकार से जवाब मांग सकते हैं। उनका कहना होगा कि नोटिस भेजने के पीछे राजनीतिक मंशा थी। सरकारी आवास को खाली करने को लेकर पहले ही राजनीतिक बयान बाजी हो चुकी है। आरजेडी के लोग सरकार के इस फैसले पर विरोध जाता चुके हैं।
सुरक्षा घटाने-बढ़ाने पर भी घिरेगी सरकार
लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की सुरक्षा भी सदन में मुद्दा बन सकती है। बंगला विवाद के दौरान ही लालू फैमिली की सुरक्षा घटा दी गई थी। उस समय सरकार ने कहा था कि खतरा कम है। लेकिन कुछ दिन बाद ही उन्हें फिर से जेड कैटेगरी की सुरक्षा दे दी गई। विपक्ष इस पर सवाल उठाएगा। आरजेडी पूछ सकती है कि पहले सुरक्षा क्यों घटाई गई। फिर अचानक बहाल क्यों की गई। इसके पीछे क्या कारण था। सरकार को इस पर सदन में जवाब देना पड़ सकता है।
रिशु श्री और टेंडर घोटाले पर हंगामे के आसार
विपक्ष रिशु श्री मामले को भी सदन में उठाने की तैयारी में है। इसके अलावा सरकारी विभागों के टेंडर में घोटाले का मामला भी गर्म है। फिलहाल इस मामले में जांच चल रही है। लेकिन विपक्ष का आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई है। कुछ खास लोगों को फायदा पहुंचाया गया है। आरजेडी और कांग्रेस के विधायक इस मामले में सीबीआई जांच की मांग कर सकते हैं। सदन में हंगामा होने की पूरी संभावना है।
भ्रष्टाचार और अपराध पर घेरेगी विपक्ष
इन मुद्दों के अलावा विपक्ष भ्रष्टाचार और अपराध को लेकर भी सरकार को घेरेगा। हाल के दिनों में राज्य में हुई लूट, हत्या और अपहरण की घटनाओं को विपक्ष सदन में उठाएगा। उसका कहना होगा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल है। सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया जाएगा। विपक्ष का कहना है कि जनता का पैसा बर्बाद हो रहा है।
यह भी पढ़ें: ऊर्जा संकट से कैसे भारत उबरा? पीएम मोदी ने राजस्थान की धरती से बताया
सरकार ने भी कर रखी है जवाब देने की तैयारी
वहीं सत्ता पक्ष ने भी जवाब देने की तैयारी कर ली है। सरकार का कहना होगा कि सभी कार्रवाई नियम के अनुसार हुई है। राबड़ी आवास का नोटिस भी नियम के तहत भेजा गया था। सुरक्षा घटाना और बढ़ाना गृह विभाग का फैसला है। टेंडर मामले में सरकार का कहना होगा कि जांच चल रही है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
सदन में हंगामे की संभावना
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बजट सत्र के दौरान विपक्ष कोई मौका नहीं छोड़ेगा। राबड़ी आवास से लेकर सुरक्षा तक, हर मुद्दे पर विपक्ष सरकार को कठघरे में खड़ा करेगा। सत्ता पक्ष भी पलटवार करेगा। दोनों ओर से तीखी बहस होने के आसार हैं। इस बजट सत्र में सदन में हंगामा तय माना जा रहा है। विपक्ष ने मुद्दे तय कर लिए हैं। अब देखना होगा कि सरकार इनका जवाब कैसे देती है।


