उत्तर प्रदेश के बांदा में चोरी का एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। यहां पति-पत्नी मिलकर पहले सूने और बंद मकानों की रेकी करते थे, फिर अपने ही नाबालिग बेटे को खिड़की या दरवाजा काटकर घर के अंदर भेजकर चोरी करवाते थे। बेटा घर के अंदर से नकदी और जेवर समेटकर बाहर लाता था जबकि मां-बाप बाहर खड़े होकर निगरानी करते थे। तिंदवारी पुलिस ने शातिर दंपति को गिरफ्तार कर लिया है और नाबालिग बेटे को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये के आभूषण और 54,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।

तिंदवारी थाना क्षेत्र के गुजरतिया, शिवप्रसाद, जगप्रसाद और दुर्गेश ने अपने घरों में चोरी होने की शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस ने जब इन घटनाओं की जांच शुरू की तो वारदात का तरीका सामने आया। जांच में पता चला कि पति-पत्नी दिनभर इलाके में घूमकर ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जिन पर ताले लगे हों या जो पूरी तरह सूने पड़े हों। घर चिह्नित करने के बाद आरोपी खिड़की या दरवाजे को थोड़ा काटते या तोड़ते थे। इसके बाद अपने नाबालिग बेटे को घर के अंदर भेज देते थे। बेटा अंदर पहुंचकर घर में रखे जेवरात और नकदी समेटता था और फिर बाहर निकल आता था। इस दौरान उसके माता-पिता बाहर खड़े रहकर पहरा देते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो।

मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए

तिंदवारी पुलिस ने 11 और 12 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम पपरेन्दा रोड स्थित पीएचसी तिंदवारी के पास घेराबंदी कर दंपति को पकड़ लिया। पुलिस की गिरफ्त में आए हमीद पुत्र वहीद और उसकी पत्नी नर्गिस, निवासी मोहल्ला भगवती नगर, कस्बा और थाना तिंदवारी, जनपद बांदा से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने परिवार के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस परिवार ने अब तक कितने इलाकों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड क्या हैं।

 

यह भी पढ़ें: सहारनपुर में 1.20 लाख के 20 रुपये वाले नकली सिक्के बरामद, दो गिरफ्तार

20 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए पति-पत्नी के कब्जे से सोने के दो गले के हार, दो गले की चेन, एक जोड़ी लटकन, एक जोड़ी झुमका, एक कान के कुंडल और दो कान की बालियां बरामद हुई हैं। इसके अलावा, चांदी के जेवरात में एक कमरबंद, पांच जोड़ी पायल, चार सिक्के, नौ बिछिया और छह कंगन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 54,100 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।

 

अपर पुलिस अधीक्षक बांदा शिवराज ने बताया कि थाना तिंदवारी पुलिस ने चोरियों का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि अभियुक्तों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये के आभूषण और 54,100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। अभियुक्त रेकी करने के बाद सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

 

यह भी पढ़ें: छात्रा से छेड़खानी में सिपाही पर केस, सस्पेंड, हंगामे के बाद बाइक छोड़ फरार

अपराध में धकेलने का मामला

यह मामला केवल चार घरों में हुई चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने परिवार और बच्चों के भविष्य से जुड़े गंभीर सवाल भी खड़े किए हैं। जिन माता-पिता से बच्चे अच्छे-बुरे का फर्क सीखते हैं, उसी परिवार में नाबालिग बेटे को चोरी के लिए घरों के अंदर भेजा जा रहा था। पुलिस अब गिरोह की अन्य संभावित वारदातों और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ और जांच के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि परिवार ने अब तक किन-किन इलाकों को निशाना बनाया है।