पंजाब के पटियाला में राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी से चौंका देने वाला मामला सामने आया है। 25 और 26 सितंबर की रात सोशल मीडिया पर एक खबर फैली कि चितकारा यूनिवर्सिटी में एक छात्रा की मौत हो गई है, उसे देखकर एक दूसरी छात्रा की तबीयत बिगड़ गई है। बाद में अस्पताल में दूसरी छात्रा की भी मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसको लेकर यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स के बीच कैंपस में भूत और दो छात्राओं के लापता होने की अफवाह फैल गई।  

 

 इस खबर के वायरल होते ही बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स कैंपस में जमा हो गए। उन्होंने छात्राओं के लापता होने को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन से जवाब मांगा। माहौल बिगड़ते देख यूनिवर्सिटी ने पुलिस बुला ली और बाद में पुलिस अफसरों से भी स्टूडेंट्स की बहस हो गई।  

 

यह भी पढ़ें: शराबबंदी वाले नागालैंड में जहरीली शराब से 19 लोग मर कैसे गए?

छात्रों ने यूनिवर्सिटी में जमकर किया हंगामा   

बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों ने पुलिस वैन तोड़ दी। छात्र यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट से पूरे मामले की जानकारी देने और कैंपस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की मांग करने लगे। यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट ने कहा कि किसी छात्रा की मौत नहीं हुई है। इसके बावजूद स्टूडेंट्स सीसीटीवी फुटेज दिखाने समेत मामले में स्पष्ट जानकारी देने की मांग करते रहे। 

 

इसको लेकर स्टूडेंट्स और यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट में टकराव हो गया। गुस्साए छात्रों का कहना था कि गर्ल्स हॉस्टल से चीखने की आवाज आई है और रात में एंबुलेंस आने की बात भी उठाई। छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट हमें बताए कि उसमें किसे अस्पताल भेजा गया, उन्हें इसके बारे में जानकारी दी जाए। 

रजिस्ट्रार ने बताया अफवाह

इस मामले में जानकारी मिलने पर यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रार कर्नल राकेश शर्मा मौके पर पहुंचे, उन्होंने छात्रों से बात की और स्पष्ट किया कि कैंपस में दो छात्राओं के लापता या मौत होने की खबर गलत है। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को अफवाह बताया।