बिहार में आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी विभाग ने पटना के ADM आपूर्ति रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर की सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। विजिलेंस ब्यूरो की इस कार्रवाई में करीब 79 लाख रुपये कैश, 48 महंगी घड़ियां, सोने-चांदी और हीरे के आभूषण और करोड़ों की चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं।

 

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने विजिलेंस थाना कांड संख्या 113/26 के तहत 1 करोड़ 6 लाख 85 हजार 900 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था। कोर्ट से सर्च वारंट लेने के बाद पटना और बेगूसराय में चार ठिकानों पर एक साथ टीम ने छापेमारी की। पटना में यह कार्रवाई रूपसपुर थाना क्षेत्र के कश्यप ग्रीन सिटी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-304 में हुई जहां अफसर दंपती किराए पर रहता है। इसी अपार्टमेंट में इनके दो खरीदे हुए फ्लैट भी मिले जिनमें इंटीरियर का काम चल रहा था। दूसरी टीम ने बेगूसराय के पोखरिया वार्ड-37 स्थित पैतृक आवास पर छापा मारा। कार्रवाई DIG की निगरानी में हुई। पटना में DSP मिथिलेश कुमार और बेगूसराय में DSP वासुदेव राय के नेतृत्व में टीम ने तलाशी ली।

 

यह भी पढ़ें: बेगूसराय होटल में महिला से दुष्कर्म का आरोप, वीडियो वायरल होने पर पुलिस पर सवाल

पटना के फ्लैट से 70 लाख कैश मिले

पटना के कश्यप ग्रीन सिटी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-304 में निगरानी टीम ने तलाशी शुरू की तो अलमारी और बक्सों से 500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलीं। यहां करीब 70.53 लाख रुपये कैश बरामद हुआ। नोटों की गिनती के लिए टीम को मशीन मंगानी पड़ी। इसी फ्लैट से 48 महंगी घड़ियां भी मिलीं जिनकी कुल कीमत करीब 6.01 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा सोने-चांदी और हीरे के आभूषण तथा संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी मिले।

 

दूसरी तरफ बेगूसराय के पोखरिया स्थित पैतृक आवास पर भी टीम ने तलाशी ली। यहां से करीब 9.44 लाख रुपये कैश और सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए। दोनों जगहों से मिलाकर करीब 79.98 लाख रुपये कैश मिला है। इसके अलावा जमीन, मकान और निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। जांच में 2017 से 2026 के बीच खरीदी गई सात अचल संपत्तियों का भी पता चला है। इनकी कुल कीमत करीब 2.92 करोड़ रुपये बताई गई है। इनमें दानापुर के दो फ्लैट और फुलवारी शरीफ व बेगूसराय में खरीदी गई जमीन शामिल है। निगरानी विभाग इन संपत्तियों का मिलान दंपती की घोषित आय और बैंक खातों से कर रहा है।

 

रविंद्र कुमार दिवाकर ने 2000 में शिक्षक के तौर पर करियर शुरू किया था। इसके बाद वह सारण में DPRO, कटिहार, दरभंगा, सहरसा और समस्तीपुर में SDM, गया में SDO और पटना में SDO के पद पर रहे। अक्टूबर 2025 से वह पटना में ADM आपूर्ति के पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी कुमारी स्वीटी 2013 बैच की सब-रजिस्ट्रार हैं और 2024 से दानापुर में तैनात हैं।

 

यह भी पढ़ें: सोन नदी में अवैध बालू खनन पर बड़ा एक्शन, 23 लोग गिरफ्तार, चार नाव और ड्रेजर जब्त

48 महंगी घड़ियां भी मिलीं

छापेमारी के दौरान 48 घड़ियां मिलने की भी जानकारी सामने आई है। इसके अलावा सोने-चांदी और हीरे के आभूषण और जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। हालांकि घड़ियों को लेकर सामने आई कुछ शुरुआती रिपोर्टों में उनकी कीमत अलग-अलग बताई गई थी। विजिलेंस से जुड़ी रिपोर्टों में इन 48 घड़ियों की कीमत करीब 6.01 लाख रुपये बताई गई है।

 

पटना निगरानी विभाग के DSP मिथिलेश कुमार ने बताया कि पति-पत्नी दोनों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज है और कोर्ट से वारंट लेकर तलाशी की गई है। बरामद नकदी, जेवर, घड़ियों और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। निगरानी विभाग ने जब्त नकद, आभूषण और संपत्ति के कागजात की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।