प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में करीब 34,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ किया। यहां गंगा नदी पर बने 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन भी किया। यह पुल लगभग 19.7 किलोमीटर लंबा है। यह वैशाली को राजधानी पटना से जोड़ेगा। वहां उपस्थित जनता ने पीएम मोदी का स्वागत किया तो पीएम मोदी ने भी गमछा हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
पीएम मोदी ने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ अभी संपन्न हुआ है। हमारी माताओं और बहनों ने कठिन निर्जला व्रत करके परिवार, समाज और जगत के मंगल की कामना की है। अब छठी मैया के आशीर्वाद से हम यहां विकास का पर्व मना रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा, 'अब हमें न रुकना है, न थकना है। NDA के सभी घटक दलों को मिलकर समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार बनाने के लिए लगातार काम करना है।'
यह भी पढ़ें: मुंबई: पार्क में फोटो खिंचा रहे कपल पर 8-10 नाबालिगों ने किया हमला, वीडियो वायरल
बिदुपुर पुल नीतीश के समर्पण और सम्मान का प्रतीक
पीएम ने कहा कि गंगा मैया पर बने दरगाह-बिदुपुर छह-लेन केबल ब्रिज को जनता के लिए समर्पित किया गया है। इस आधुनिक ब्रिज का नाम आदरणीय नीतीश जी के सम्मान में 'नीतीश सेतु' रखा गया है। ये उनके सेवा और समर्पण का बिहारवासियों की तरफ से हो रहे सम्मान के प्रतीक है।
पटना और वैशाली की दूरी होगी कम
पीएम ने कहा कि बिहार में आधुनिक सड़कों का नेटवर्क भी तेज गति से तैयार हो रहा है। आज औरंगाबाद-चोरदाहा 6 लेन हाइवे का लोकार्पण हुआ है। पुल से पटना और वैशाली के बीच की दूरी और दिक्कतें कम हो गई हैं। अब फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान हो जाएगा। यहां के युवाओं को पढ़ाई में, बुजुर्गों को दवाई में बहुत आसानी हो जाएगी।
'सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर आगे बढ़ रहे हैं'
उन्होंने आगे कहा कि बिहार की इस विकास यात्रा में हम 'सबका साथ-सबका विकास' का मंत्र लेकर आगे बढ़े हैं। हमने लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया है और इसलिए आज जब एनडीए सरकार इस कार्यकाल के एक वर्ष पूरा कर रही है तो इस आयोजन के लिए लोकतंत्र की महान धरती वैशाली को चुना गया है। मैं इसके लिए वैशाली और बिहार की मिट्टी को नमन करता हूं। मैं एनडीए के सभी घटक दलों को, सभी कार्यकर्ताओं को और सभी बिहारवासियों को शुभकामनाएं देता हूं
बिहार ने दशकों तक बदहाली झेली
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार ने दशकों तक बदहाली झेली। वर्षों तक नीतीश कुमार ने प्रदेश की सेवा की। इस मौके पर उन्होंने रामविलास पासवान को भी याद किया। पीएम मोदी ने कहा, 'करीब 3 दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी। जिस बिहार को दशकों तक बदहाली झेलनी पड़ी, उसे आदरणीय नीतीश जी के नेतृत्व में सुशासन का नया भरोसा मिला। नीतीश जी ने इतने वर्षों तक मुख्यमंत्री के तौर पर बिहार की सेवा की।
'रामविलास जी के सपनों को साकार कर रहे हैं'
पीएम मोदी ने कहा कि अब नीतीश जी के आशीर्वाद से इस अभियान को सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम आगे बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में आज यहां भी हजारों-करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। मुझे पूरा भरोसा है कि मेरे मित्र रामविलास जी की आत्मा जहां भी होगी, वह भी हम पर फूलों की वर्षा कर रही होगी, क्योंकि उनके सपनों को भी हम साकार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: PDA की काट या ठाकुरों की गोलबंदी? राजा भैया की रामकथा पर सियासी शोर
बिहार में बड़ रहा सड़क नेटवर्क
पीएम ने कहा कि बिहार ने न केवल अपनी बिजली आपूर्ति व्यवस्था का विस्तार किया, बल्कि बिजली की उपलब्धता के मामले में आत्मनिर्भरता हासिल कर अपने विकास की यात्रा को भी नई दिशा दी। बिहार में सड़क नेटवर्क का विस्तार हो रहा है, जिससे बेहतर संपर्क और विकास का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। 'छठी मइया' के आशीर्वाद से हम अब 'विकास पर्व' मना रहे हैं, क्योंकि बिहार में राजग सरकार ने अपना एक साल पूरा कर लिया है।
बिजली उत्पादन का केंद्र बन रहा बिहार
पीएम मोदी ने दावा किया कि एक समय था, जब बिहार में हजारों गांवों तक बिजली तक नहीं पहुंची थी। आज मेरा वही बिहार बिजली उत्पादन का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। इन परियोजनाओं पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रोड नेटवर्क के साथ साथ आज बिहार में ऊर्जा और शहरी विकास की तस्वीर भी तेजी से बदल रही है। इसी दिशा में बक्सर थर्मल पावर प्लांट का निर्माण, फुलवरिया बांध पर सोलर एनर्जी प्लांट जैसे बड़े बड़े काम भी हुए हैं।
आगे कहा कि आज शहरी यातायात को सुविधाजनक बनाने के लिए 100 आधुनिक ई-बसों को भी हरी झंडी दिखाई गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आज हजारों गरीब परिवारों को उनके पक्के घरों की चाबी भी सौंपी गई है। मैं इन सभी विकास कार्यों के लिए बिहार के लोगों को बधाई देता हूं।
