बिहार के नवादा सदर अस्पताल से एक कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कैदी वार्ड से बंदी के भागते ही पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मरीज और उनके परिजन भी डर गए। आनन-फानन पुलिस और जेल प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। शहर में नाकेबंदी कर तलाशी शुरू की गई। इस घटना ने एक बार फिर अस्पताल और जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
फरार हुए बंदी की पहचान असगर मालिक उर्फ दारा के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 18 साल है। वह धमौल थाना क्षेत्र के धमौल गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम अल्लाउदीन मलिक है। असगर धमौल थाना में मारपीट के मामले में न्यायिक हिरासत में था। वह नवादा मंडल कारागार में बंद था। जेल में उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे चक्कर आने लगे। इसके बाद उसे इलाज के लिए पुलिस अभिरक्षा में शुक्रवार को सदर अस्पताल लाया गया था।
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 8 की मौत; कई लोग घायल
सिपाही से हाथापाई करके भागा कैदी
कैदी वार्ड में पुलिस निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। शाम करीब पांच बजे उसने मौका देखकर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी से हाथापाई की और भाग निकला। घटना इतनी तेजी से हुई कि तैनात पुलिसकर्मियों को कुछ समझ में आने से पहले ही वह अस्पताल परिसर से बाहर निकल गया। बंदी के फरार होने की खबर जैसे ही फैली, पूरे सदर अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
वार्ड में भर्ती मरीज और उनके परिजनों के बीच भी डर का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत अस्पताल के सभी गेट बंद करवाए और पूरे परिसर की तलाशी शुरू की। लेकिन काफी देर तक खोजबीन के बाद भी असगर का कोई सुराग नहीं मिला। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस, जेल प्रशासन और वरीय अधिकारी तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की पूरी जानकारी ली और आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: भूख हड़ताल में शरीर कब देता है खतरे का संकेत? डॉक्टर जानिए पूरी बात
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अस्पताल के कैदी वार्ड से बंदी का इस तरह भाग जाना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक मानी जा रही है। सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस अभिरक्षा में इलाज के दौरान इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि आखिर कहां चूक हुई और बंदी को भागने का मौका कैसे मिला।
जेल प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि अस्पताल में इलाज के दौरान सुरक्षा के लिए पर्याप्त जवान तैनात नहीं थे। इसी का फायदा उठाकर बंदी फरार हो गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि असगर मालिक को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसके भागने के बाद से ही सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है।
