पुणे के इंदुरी (मावल) में तोलानी मैरिटाइम इंस्टीट्यूट के कैंपस में रविवार सुबह एक छात्र की बास्केट बॉल के स्टैंड से मौत हो गई। 20 साल के मरीन इंजीनियरिंग के छात्र विशाल वर्मा बास्केटबॉल के स्टैंड पर पुल-अप (लटककर एक्सरसाइज) करने गए, तभी पूरा लोहे का स्ट्रक्चर उनके ऊपर गिर पड़ा।
विशाल वर्मा उत्तर प्रदेश के अयोध्या के रहने वाले थे। वह इंस्टीट्यूट में दूसरे साल के बीटेक मरीन इंजीनियरिंग के छात्र थे। उन्होंने 2024 में कोर्स जॉइन किया था और 2028 में पूरा होने वाला था।
यह भी पढ़ें: पुणे पोर्श केस: 3 को जमानत, SC ने कहा, 'बच्चों के बिगड़ने के जिम्मेदार मां-बाप'
पुल-अप करने की कोशिश में गई जान
पुलिस के मुताबिक, सुबह का वक्त था, विशाल सुबह अपनी रोज़ की रूटीन पूरी करके कमरे की ओर लौट रहे थे। रास्ते में खाली बास्केटबॉल कोर्ट पर वह रुक गए। वहां उन्होंने बास्केटबॉल के स्ट्रक्चर पर पुल-अप करने की कोशिश की।
तलगांव एमआईडीसी पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर संतोष पाटिल ने बताया, 'बास्केटबॉल का स्ट्रक्चर टूटा हुआ था। अचानक वह गिर गया और विशाल उसके नीचे दब गए। लोहे का खंभा उनके ऊपर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।'
अस्पताल में मृत घोषित
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के तुरंत बाद छात्रों और कॉलेज वाले विशाल को पास के तलगांव एरिया के अस्पताल ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें सिर पर गंभीर चोट आई थी। कुछ लोगों का कहना है कि एंबुलेंस देर से पहुंची लेकिन पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
सुरक्षा पर सवाल, जांच शुरू इस हादसे ने कॉलेज कैंपस में खेल के सामान की स्थिति और रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या स्ट्रक्चर पहले से खराब था? क्या मेंटेनेंस नहीं हो रहा था? ये सवाल अब उठ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: मौत हुई तो लाश भी नहीं जलेगी? पुणे में गैस की कमी के चलते बंद हो गए शवदाह गृह
मामला दर्ज
तलगांव एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने पूरी घटना की गहराई से जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही यह पता चलेगा कि कोई लापरवाही हुई थी या नहीं। यह दुखद घटना युवा छात्रों की सुरक्षा को लेकर फिर से सोचने पर मजबूर करती है।
