उत्तराखंड के देहरादून स्थित राजपुर क्षेत्र के जोहरी गांव में सुबह करीब 7:00 बजे दो गाड़ियों के बीच ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ। राजपुर पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, इस विवाद के दौरान एक गाड़ी में सवार लोगों ने अपने आगे चल रही गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी फायरिंग के बीच वहां से गुजर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर वी.के. जोशी को गोली लग गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

 

घटना के समय मौजूद चश्मदीद शेखर ने बताया कि वह सुबह करीब 6:30 बजे अपने दो बच्चों के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। शेखर के अनुसार, उन्होंने थोड़ी दूरी से देखा कि वहां गोली चल गई है। उन्होंने बताया कि गोली चलने से ठीक पहले वहां असल में क्या हुआ था, इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। जब वह मौके पर पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि वहां मौजूद ब्रिगेडियर को गोली लगी है और दो गाड़ियों में सवार लोग एक-दूसरे पर फायरिंग कर रहे थे।

 

यह भी पढ़ें: 'गैस नहीं मिल रही, दही चूड़ा खाओ', मजदूरों को सुपरवाइजर की सलाह, वीडियो वायरल

एसपी प्रमोद कुमार का बयान

देहरादून एसपी प्रमोद कुमार ने कहा, 'आज सुबह लगभग 7:00 बजे, राजपुर थाने को जोहरी गांव में ओवरटेकिंग को लेकर दो वाहनों के बीच विवाद की सूचना मिली। विशेष रूप से, यह बताया गया था कि एक वाहन के सवार अपने आगे चल रहे वाहन पर गोलियां चला रहे थे। इस गोलीबारी के दौरान, एक व्यक्ति जो अपनी सुबह की सैर के लिए निकला था, उसे गोली लग गई और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अब यह पुष्टि हो गई है कि इलाज के दौरान उस व्यक्ति की मृत्यु हो गई है।'

 

 

 

यह भी पढ़ें: क्लास में छात्र को बोल दिया 'आतंकवादी', टीचर के खिलाफ शिकायत दर्ज, वायरल वीडियो

पुलिस की जांच

एसपी ने आगे बताया, 'पुलिस ने ग्रामीण इलाकों समेत सभी थानों के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी है। गाड़ी का पता लगाने और उसमें शामिल लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस तेजी से सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस को उम्मीद है कि वे जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगे।' फिलहाल पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी हैं।

शहर में बढ़ती 'रोड रेज' की घटनाएं

देहरादून में सड़क पर मामूली विवाद के बाद हिंसा और गोलीबारी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी शहर के अलग-अलग इलाकों में दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रुप लिया है, जिसमें बेगुनाह लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी या वे गंभीर रुप से घायल हुए। राजपूर और जाखन जैसे इलाकों में पहले भी रईसजादों के बीच रेसिंग और आपसी विवाद में फायरिंग के मामले सामने आ चुके हैं, जो शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं।