त्योहारी सीजन आते ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग धड़ाधड़ सैंपलिंग शुरू कर देता है। जब तक सैंपलिंग की रिपोर्ट आती है, तब तक लोग मिठाइयों को खा चुके होते हैं। कई दुकानदारों की दुकानों से हर साल सैंपल फेल आते हैं। उन पर जुर्माना कार्रवाई की जाती है। लेकिन कई दुकानदार जुर्माना भरने के बाद भी नहीं सुधरते। उधर विभाग भी त्योहारी सीजन में ही जागता है, जबकि पूरा साल सैंपलिंग की गति धीमी चलती है।

 

बता दें कि इस साल विभाग ने अप्रैल से अब तक 4490 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। इनमें से 2310 सैंपल की जांच हुई। इनमें से 507 सैंपल जांच में फेल हो गए। बाकी सैंपलों की जांच होना बाकी है। विभाग की तरफ से 27 फूड सेफ्टी ऑफिसर और 6 डेजिग्नेटेड ऑफिसर को लगाया गया था। उनकी तरफ से पनीर, खोया, दूध व अन्य पदार्थों से निर्मित मिठाइयों के सैंपल लिए गए। इस कार्रवाई के दौरान 50 हजार किलो मिठाइयों को नष्ट किया गया। सैंपलिंग जांच में सबसे अधिक सैंपल रेवाड़ी में फेल आए हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'आंखें मूंदकर डीजी ने दिए आदेश', नर्सिंग स्टाफ का दावा, 6 कर्मी सस्पेंड

कहां कितने सैंपल फेल

अंबाला जिले में कुल 170 सैंपल लिए गए, जिनमें से 117 की जांच की गई। जांच के दौरान 20 सैंपल फेल पाए गए। भिवानी में 132 सैंपल लिए गए, जिनमें से 68 की जांच हुई और 14 सैंपल फेल मिले। चरखी दादरी में 109 सैंपल लिए गए, जिनमें से 57 की जांच की गई और 9 सैंपल फेल पाए गए। फरीदाबाद में 245 सैंपल लिए गए, जिनमें से 106 की जांच हुई और 30 सैंपल फेल मिले। फतेहाबाद में 230 सैंपल लिए गए, जिनमें से 86 की जांच की गई और 25 सैंपल फेल पाए गए। गुरुग्राम में 243 सैंपल लिए गए, जिनमें से 145 की जांच हुई और 36 सैंपल फेल मिले।

हिसार जिले में 361 सैंपल लिए गए, जिनमें से 169 की जांच की गई और 38 सैंपल फेल पाए गए। झज्जर में 283 सैंपल लिए गए, जिनमें से 127 की जांच हुई और 26 सैंपल फेल मिले। जींद में 217 सैंपल लिए गए, जिनमें से 94 की जांच की गई और 22 सैंपल फेल पाए गए। कैथल में 131 सैंपल लिए गए, जिनमें से 50 की जांच हुई और 12 सैंपल फेल मिले। करनाल में 303 सैंपल लिए गए, जिनमें से 192 की जांच की गई और 29 सैंपल फेल पाए गए। कुरुक्षेत्र में 198 सैंपल लिए गए, जिनमें से 84 की जांच हुई और 16 सैंपल फेल मिले। महेंद्रगढ़ में 193 सैंपल लिए गए, जिनमें से 89 की जांच की गई और 20 सैंपल फेल पाए गए। मेवात में 132 सैंपल लिए गए, जिनमें से 61 की जांच हुई और 9 सैंपल फेल मिले।

पलवल में 142 सैंपल लिए गए, जिनमें से 68 की जांच की गई और 13 सैंपल फेल पाए गए। पंचकूला में 239 सैंपल लिए गए, जिनमें से 152 की जांच हुई और 28 सैंपल फेल मिले। पानीपत में 128 सैंपल लिए गए, जिनमें से 84 की जांच की गई और 19 सैंपल फेल पाए गए। रेवाड़ी में 247 सैंपल लिए गए, जिनमें से 175 की जांच हुई और 53 सैंपल फेल मिले। रोहतक में 201 सैंपल लिए गए, जिनमें से 74 की जांच की गई और 16 सैंपल फेल पाए गए। सिरसा में 228 सैंपल लिए गए, जिनमें से 93 की जांच हुई और 23 सैंपल फेल मिले। सोनीपत में 155 सैंपल लिए गए, जिनमें से 69 की जांच की गई और 19 सैंपल फेल पाए गए। यमुनानगर में 203 सैंपल लिए गए, जिनमें से 150 की जांच हुई और 30 सैंपल फेल मिले।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा के गांव और शहरों तक फैला डिप्रेशन, फरीदाबाद सबसे आगे

ये होती है कार्रवाई

जिस दुकान की मिठाइयों के सैंपल फेल आते हैं। उस दुकानदार पर जुमार्ना, माल जब्त करने, लाइसेंस कैंसिल करने और अदालत में केस दर्ज करने जैसी कार्रवाई होती है। कार्रवाई इस बात पर निर्भर करती है कि सैंपल 'सब-स्टैंडर्ड' है, 'मिसब्रांडेड' है या 'अनसेफ'। 


मानक के अनुसार गुणवत्ता न होना सब-स्टैंडर्ड की श्रेणी में आता है। इसमें दुकानदार पर जुमार्ना लगता है। गलत लेबलिंग या गलत जानकारी मिसब्रांडेड की श्रेणी में आता है। इस पर दुकानदार पर जुमार्ना लगाया जाता है। इसके अलावा मिठाई खाने लायक सुरक्षित न होने पर अनसेफ की श्रेणी में आता है। ऐसे में दुकानदार पर भारी जुमार्ने के साथ जेल की सजा हो सकती है। बार-बार सैंपल फेल आने पर खाद्य लाइसेंस निलंबित या कैंसिल भी किया जा सकता है।