गोवा में दो हत्याएं करने के आरोप में एक रुसी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। अब उसने इन हत्याओं के मामले में हो रही पूछताछ के दौरान एक अजीबोगरीब बात बताई है। रोचक बात है कि इस शख्स ने जिन दो महिलाओं की हत्या की उन दोनों का नाम एलेना (Elena) था। अब इस शख्स का कहना है कि उसकी मां का भी यही नाम था और बचपन में वह उसे नजरअंदाज करती थी। हत्या के आरोपी का कहना है कि इसी के चलते उसे इस नाम की महिलाओं से चिढ़ हो गई थी।
हाल ही में गोवा पुलिस ने एक बयान जारी करके कहा था कि 37 साल की दो रूसी महिलाएं एलेना कास्तानोवा और एलेना वानीवा की हत्या का मामला सामने आया है। इन हत्याओं के मामले में अलेक्सी लेवोनोव को गिरफ्तार किया गया है। वह फायर डिस्प्ले परफॉर्मर के तौर पर काम करता है। पुलिस ने बताया है कि अलेक्सी इन दोनों महिलाओं का अच्छा दोस्त था और शायद पैसों की वजह से हुए झगड़े के चलते उसने दोनों की जान ले ली।
आरोपी ने क्या बताया?
मंगलवार को पुलिस ने बताया कि आरोपी अलेक्सी ने उन्हें बताया था कि उसकी मां का नाम भी एलेना है। एक जांच अधिकारी ने बताया, 'आरोपी ने बताया कि बचपन में उसकी मां उस पर कम ध्यान देती थी जिसके चलते उसे एलेना नाम की महिलाओं से नफरत हो गई। हालांकि, हत्या के पीछे की यह वजह नहीं थी। यह बस पूछताछ में सामने आई एक बात है जो बताती है कि उसका दिमाग किस तरह काम करता है।'
यह भी पढ़ें: तेलंगाना में जारी है कुत्तों का हत्याकांड, अब 100 से ज्यादा को मार डाला
पुलिस का कहना है कि अलेक्सी मानसिक रूप से ठीक नहीं है और वह दावा कर रहा है कि उसने और भी लोगों की जान ली है। अभी तक मिले सबूतों के मुताबिक, उसने दो महिलाओं की हत्या की है। एक जांच अधिकारी ने बताया है, 'एक मामले में अलेक्सी ने दावा किया कि उसने एक विदेशी नागरिक की हत्या कर दी। जांच में पता चला कि वह महिला विदेश जा चुकी है और जिंदा है। ऐसे ही कुछ अन्य मामलों में भी अलेक्सी के दावे गलत निकलने और जिन लोगों का नाम उसने लिया, वे जिंदा मिले।'
कई हत्याओं का दावा झूठा निकला
14 जनवरी को असम की एक 40 साल की महिला की मौत हुई थी। इस महिला के बारे में अलेक्सी ने दावा किया कि उसने महिला को ड्रग्स दिए और मुंह दबाकर मार डाला। इस मामले की जांच में पुलिस ने पाया है कि महिला की मौत ड्रग ओवरडोज से हुई है। इस केस में पुलिस का कहना है, 'महिला के शरीर पर किसी चोट का निशान नहीं है, जिससे यह पता चले कि उसका मुंह दबाया हो। हालांकि, आरोपी अलेक्सी उस महिला की मौत से एक दिन पहले ही उससे मिला था। महिला ने खुद से ड्रग्स ली या उसे किसी और ने दी, यह जांच का विषय है।'
यह भी पढ़ें: रील बनाने के चक्कर में खाना नहीं बनाती थी, पति ने टोका तो उसकी जीभ काट ली
जिन रूसी महिलाओं को मारने के आरोप में अलेक्सी को गिरफ्तार किया गया है, उसमें से एक एलेना कास्तानोवा गो-गो डांसर थी और 24 दिसंबर को गोवा आई थी। बीते गुरुवार को उसकी लाश आरामबोल के एक किराए के घर में मिली थी। आरोप है कि अलेक्सी ने उसके हाथ बांध दिए थे और उसका गला काट दिया। दूसरी महिला एलेना वनीना एक बबल परफॉर्मर थी और वह भी कुछ दिन पहले ही गोवा आई थी। आरोप है कि अलेक्सी ने उसका भी गला काटकर उसकी जान ले ली। अलेक्सी का कहना है कि इन दोनों महिलाओं से उसका अफेयर भी था।
