महाराष्ट्र के परभरणी जिले में एक मंदिर की छत का एक हिस्सा ढहने से पांच लोगों की जान चली गई। वहीं 18 लोग घायल हैं। घायलों को विभिन्न अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताया। महाराष्ट्र सीएम कार्यालय ने पीड़ित परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
जिला प्रशासन ने बताया कि 25 से अधिक लोगों को बचा लिया गया है। घटना शनिवार दोपहर साढ़े तीन बजे की है। पुलिस के मुताबिक घटना जिले के यशवाड़ी गांव की है। यहां स्थित एक हनुमान मंदिर की छत अचानक गिर गई। बड़ी संख्या में वहा मौजूद लोग मलबे में दब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला गांव पहुंचा। राहत एवं बचाव टीमों ने मलबे से 25 लोगों को बाहर निकाला है।
यह भी पढ़ें: PM मोदी के फिर समर्थन में आए शशि थरूर, नाविकों ने मुद्दे पर दिया साथ
एक अधिकारी ने बताया कि भगवान हनुमान से जुड़े होने के कारण शनिवार के दिन मंदिर में अधिक भीड़ होती है। अभी यह नहीं पता चला है कि मलबे में कितने और लोग दबे हैं। हालांकि राहत एवं बचाव का कार्य जारी है।
जिस गांव में यह हादसा हुआ है, वह मनवत रोड पर पड़ता है और छत्रपति संभाजीनगर से करीब 190 किलोमीटर दूर बसा है। एक अधिकारी ने बताया, 'शनिवार की दोपहर साढ़े तीन बजे मंदिर के 'सभा-मंडप' की छत का एक हिस्सा ढह गया। पुलिस और जिला प्रशासन ने अपनी टीमें भेजी हैं और बचाव अभियान चल रहा है। मलबे के नीचे से अब तक लगभग 25 लोगों को निकाला जा चुका है।'
मंदिर में चल रहा था निर्माण कार्य
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंदिर के ठीक सामने एक बड़ा सभा मंडप बना है। इसी मंडप की छत अचानक ढह गई। हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। लोग-एक दूसरे को बचाने को भागने लगे। हादसे में गंभीर घायलों को आरपी अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वीडियो देखने से लग रहा है कि मंदिर में निर्माण कार्य चल रहा था। चारों तरफ सेंटरिंग लगी और वही पर लोगों की भीड़ जुटी है।
यह भी पढ़ें: केंद्र सरकार ने किन 16 FDC दवाइयों पर बैन लगाया? असली खतरा समझिए
खौफनाक CCTV फुटेज आया सामने
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी मंदिर परिसर में बड़ी भीड़ दिख रही है। वहीं मंदिर के सामने एक बड़ा हिस्सा निर्माणधीन दिख रहा है। मंदिर के अंदर का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि बांस-बल्लियां पूरे मंदिर परिसर में लगी हैं। इन्हीं के बीच 20 से अधिक लोग पूजा-पाठ करने में जुटे हैं। तभी अचानक सेंटरिंग ढह जाती है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि मंदिर का एक खंभा और एक हिस्सा ढहा है।
पीएम और सीएम ने जताया दुख
परभणी हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम देवेंद्र फडणवीस ने दुख व्यक्त किया। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, 'महाराष्ट्र के परभणी में दीवार ढहने की घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी श्रद्धालुओं की मौत पर दुख जताया। सीएम कार्यालय ने जान गंवाने वाले लोगों के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।


