उत्तर प्रदेश के जिला लखीमपुर खीरी में सोमवार को स्कूल के अंदर हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ड्रेन अकादमी स्कूल में एक युवक ने महिला शिक्षिका निशात फातिमा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के तुरंत बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय स्कूल में बच्चे मौजूद थे, जिससे परिसर में दहशत फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, शहर कोतवाली के नौरंगाबाद निवासी मोहम्मद सऊद अंसारी स्कूल परिसर में पहुंचा था। वह पहली मंजिल पर गया, जहां क्लासरूम के बाहर उसकी शिक्षिका निशात फातिमा से बातचीत हुई। कुछ देर बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। युवक और शिक्षिका बातचीत करते हुए स्कूल की दूसरी मंजिल की ओर भी पहुंचे थे। वहां स्टाफ के पहुंचने के दौरान युवक ने तमंचे से शिक्षिका को गोली मार दी और इसके तुरंत बाद खुद को भी गोली मार ली।
यह भी पढ़ें: वाराणसी में 30 लाख का इनामी नक्सली बृजेश गंजू एनकाउंटर में ढेर, UP ATS ने मारा
स्कूल में मची अफरा-तफरी
गोली चलने की आवाज सुनकर स्कूल में हड़कंप मच गया। घटना के समय बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल में मौजूद थे। वारदात के बाद बच्चों को घर भेज दिया गया और स्कूल के बाहर अभिभावकों की भीड़ जुट गई।सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग भी घटनास्थल पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने स्कूल स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच
पुलिस शुरुआती जांच में घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देख रही है। निशात फातिमा हिदायत नगर की रहने वाली थीं, जबकि सऊद अंसारी का मोहल्ला भी आसपास बताया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी घटना की वजह को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।एसपी ख्याति गर्ग के अनुसार, युवक स्कूल परिसर में आया था और पहली मंजिल पर शिक्षिका से उसकी कहासुनी हुई। इसके बाद उसने शिक्षिका को गोली मारी और फिर अपनी कनपटी पर गोली चला ली। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोनों के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: बिना परमिट नहीं चलेंगे ई-रिक्शा! यूपी सरकार केंद्र को भेजेगी प्रस्ताव
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटा रही है, ताकि युवक के स्कूल में पहुंचने से लेकर वारदात तक की पूरी घटना की कड़ियां जोड़ी जा सकें। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
