वाराणसी की श्रेया सिंह ने उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा (PCS-J) में पूरे प्रदेश में 5वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने यह सफलता उत्तराखंड न्यायिक सेवा के अपने पहले ही प्रयास में पाई। इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। श्रेया सिंह ने अंग्रेजी माध्यम से परीक्षा की तैयारी की थी। वह काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के विधि संकाय से पीएचडी कर रही हैं और वहीं टीचिंग असिस्टेंट के रूप में भी काम करती हैं।


श्रेया ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई वाराणसी के अस्सी स्थित इंपीरियल पब्लिक स्कूल से की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से 5 वर्षीय बीए एलएलबी की डिग्री ली। फिर BHU से एलएलएम किया। इससे पहले भी वह न्यायिक सेवा परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन कर चुकी हैं। वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा और 2023 में राजस्थान न्यायिक सेवा के अपने पहले प्रयास में वह साक्षात्कार तक पहुंची थीं।

यह भी पढ़ें: कब है देव दीपावली, वाराणसी में कैसे मनाया जाता है यह पर्व? जान लीजिए

तैयारी कैसे की?

तैयारी के लिए श्रेया सिंह ने प्रयागराज के एक कोचिंग संस्थान से मार्गदर्शन लिया। उनके अनुसार सबसे जरूरी बात एक सटीक समय-सारणी बनाना और उसका लगातार पालन करना है। श्रेया सिंह ने कहा कि बिना भटकाव के सही लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वह रिसर्च स्कॉलर हैं लेकिन अब उत्तराखंड में जज बन चुकी हैं। अब जल्द ही ट्रेनिंग शुरू हो सकती है।

अपनी सफलता का श्रेय किसे दे रहीं श्रेया?

श्रेया इस सफलता का श्रेय अपने आध्यात्मिक गुरु और राम चंद्र मिशन (हार्टफुलनेस) के अध्यक्ष और ग्लोबल गाइड कमलेश देसाई पटेल (दाजी) के आशीर्वाद को देती हैं। उन्होंने अपने ताऊ और रिटायर्ड आईएएस अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह की प्रेरणा का भी जिक्र किया। माता-पिता के सहयोग और BHU में पीएचडी सुपरवाइजर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनिल मौर्या के मार्गदर्शन को अपनी सफलता का आधार बताया।

श्रेया सिंह।

यह भी पढ़ें: वाराणसी में उस्ताद बिस्मिल्लाह के घर पर चला बुलडोजर? अखिलेश ने उठाए सवाल

कौन हैं श्रेया सिंह?

श्रेया मूल रूप से वाराणसी के बजरडीहा क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनके पिता डॉ. रवींद्र प्रताप सिंह रिटायर्ड आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी हैं। माता माया सिंह राम चंद्र मिशन, वाराणसी की जोनल और केंद्र संयोजक हैं। बड़े भाई शशांक सिंह, जिमीपाल टाटा ग्रुप में मैनेजर हैं। दूसरे भाई मयंक सिंह लखनऊ के एलपीसीपीएस में विभागाध्यक्ष हैं।

श्रेया सिंह का प्रतियोगियों के लिए सलाह क्या है?

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को श्रेया ने संदेश दिया है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उनका कहना है कि छात्रों को अपनी व्यावहारिक समय-सारणी बनानी चाहिए और बिना घबराए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।