उत्तर प्रदेश के जिला सीतापुर में एक दर्दनाक हादसे में तीन कारोबारियों की मौत हो गई। बेटे के एक्सीडेंट की सूचना मिलने पर उसे देखने बहराइच गए पिता अपने दो दोस्तों के साथ लौट रहे थे, लेकिन घर नहीं पहुंच सके। सोमवार को बहराइच से लौटते समय तीनों लापता हो गए थे। देर रात उनकी कार कमलापुर थाना क्षेत्र के पंचपीर गांव के पास एक तालाब में डूबी मिली। क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया तो उसके अंदर तीनों कारोबारियों के शव मिले। मृतकों की पहचान सिधौली निवासी राकेश चौरसिया (50), सतीश निर्मल (40) और अटरिया निवासी रामेंद्र सिंह(62) के रूप में हुई है। इस घटना से तीनों परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, राकेश चौरसिया के बेटे मोहन का रविवार को बहराइच में एक्सीडेंट हो गया था। बेटे के हादसे की खबर मिलने के बाद राकेश उसे देखने के लिए बेचैन हो उठे। सोमवार सुबह करीब चार बजे वह अपने दो दोस्तों रामेंद्र और सतीश के साथ कार से बहराइच के लिए रवाना हुए। तीनों का मकसद बेटे का हाल जानना था। इसके बाद वे वापस लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ऐसा हादसा हुआ कि तीनों की जान चली गई।
CCTV कैमरे में दिखी थी कार
तीनों के परिजन के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब पांच बजे उनकी कार कंदुनी फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दी थी। परिवार के लोगों की आखिरी बार शाम के समय उनसे बात हुई थी। इसके बाद तीनों से संपर्क टूट गया। देर शाम तक जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने फोन मिलाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। चिंता बढ़ने पर उनके लापता होने की शिकायत पुलिस से की गई। इसके बाद परिजन और पुलिस उनकी तलाश में जुट गए।
यह भी पढ़ें: इटावा: प्रेमी संग मिलकर बेटी ने की पिता की हत्या, संदूक में छिपाई लाश
तीनों की तलाश के बीच देर रात करीब डेढ़ बजे पंचपीर गांव के पास तालाब में कार मिलने की सूचना मिली। बताया गया कि ड्यूटी से घर लौट रहे कुछ ग्रामीणों को तालाब में कोई चीज तैरती दिखाई दी। टॉर्च की रोशनी में देखने पर कार की छत नजर आई। ग्रामीणों ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार को तालाब से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कराई।
क्रेन से बाहर निकाली कार, अंदर मिले तीनों के शव
तालाब में डूबी कार को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला गया तो उसके अंदर तीनों कारोबारी मृत मिले। जानकारी के मुताबिक, राकेश चौरसिया और रामेंद्र के शव आगे की सीट पर थे, जबकि सतीश का शव पीछे की सीट पर मिला। कार में मिले दस्तावेजों की मदद से तीनों की पहचान की गई। इसके बाद परिजन को घटना की जानकारी दी गई।
कमलापुर थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
यह घटना सीतापुर जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर कमलापुर थाना क्षेत्र की है। तीनों कारोबारियों के लापता होने के बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में परेशान थे। तालाब में कार मिलने और तीनों की मौत की खबर ने परिवारों को तोड़कर रख दिया। जिस बेटे को देखने के लिए राकेश अपने दोस्तों के साथ बहराइच गए थे, उसके हादसे की चिंता के बीच किसी को अंदाजा नहीं था कि लौटते समय यह दुखद घटना हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: प्रेम विवाह बना मौत की वजह? भाई ने बहन की हत्या कर कब्रिस्तान में दफनाया शव
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक अतुल चौधरी के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि कार के आने-जाने और हादसे से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। शुरुआती जांच में कार के तालाब में गिरने और डूबने से मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।बेटे के एक्सीडेंट की खबर सुनकर उसे देखने निकले राकेश चौरसिया और उनके दोनों दोस्त घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। बेटे को देखने गए तीनों कारोबारियों की मौत से परिवारों में मातम पसरा है।
