पहाड़ों पर बर्फबारी का इंतजार पर्यटकों को रहता है, लेकिन यही बर्फ स्थानीय लोगों और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है। सड़कें बंद होने, बिजली की लाइनें टूटने, पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने और अस्पतालों तक पहुंच बाधित होने जैसी परिस्थितियां हर साल प्रशासन की परीक्षा लेती हैं। इस बार जिला प्रशासन शिमला ने सर्दियों के मौसम में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले ही व्यापक कार्ययोजना तैयार करनी शुरू कर दी है। खास बात यह है कि इस बार केवल बर्फ हटाने और यातायात बहाल करने तक तैयारी सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे शहर को पांच सेक्टर में बांटकर आपातकालीन सेवाओं का विकेंद्रीकृत प्रबंधन किया जाएगा।
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों को बर्फबारी से पहले अपनी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की योजना है कि बर्फबारी के दौरान किसी एक स्थान पर समस्या आने पर पूरे शहर की व्यवस्था प्रभावित न हो और संबंधित सेक्टर में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
यह भी पढ़ें: 1000 इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगी हिमाचल सरकार, कितनी बदलेगी परिवहन व्यवस्था ?
पांच सेक्टर में बंटेगा शिमला, हर क्षेत्र की अलग जिम्मेदारी
बर्फबारी के दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ समस्याएं पैदा होती हैं। कहीं सड़क पर बर्फ जमने से वाहन फंस जाते हैं तो कहीं बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशासन ने शिमला शहर को पांच सेक्टर में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर में नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा, जो अपने क्षेत्र में विभागीय समन्वय और आपातकालीन कार्रवाई की निगरानी करेगा।
इस व्यवस्था के तहत संजौली, छोटा शिमला, ढली, कुफरी, नालदेहरा, मशोबरा और बल्देयां को पहले सेक्टर में रखा गया है। दूसरे सेक्टर में आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार, विक्ट्री टनल, कैथू, भराड़ी, चौड़ा मैदान, अनाडेल और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।
तीसरे सेक्टर में टूटीकंडी, शोघी, चक्कर, बालूगंज, टूटू, जतोग, नाभा, फागली, खलीणी, बीसीएस और विकास नगर को शामिल किया गया है। चौथे सेक्टर में डीसी कार्यालय, कार्ट रोड, ओक ओवर, रिज, जाखू, होली लॉज, कमला नेहरू अस्पताल और उच्च न्यायालय सहित प्रमुख क्षेत्र रहेंगे। पांचवें सेक्टर में सचिवालय, ब्रॉकहॉस्ट, मेहली, कसुम्पटी, पंथाघाटी और नवबहार को शामिल किया गया है। इससे प्रशासन को अलग-अलग क्षेत्रों में बर्फबारी से उत्पन्न समस्याओं की निगरानी और समाधान करने में आसानी होगी।
अस्पतालों तक पहुंच पहले बहाल होगी, एंबुलेंस पर लगेंगी चेन
बर्फबारी के दौरान सबसे गंभीर चुनौती मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की होती है। सड़क पर बर्फ जमने से सामान्य वाहन ही नहीं, कई बार एंबुलेंस की आवाजाही भी प्रभावित हो जाती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने इस बार अस्पतालों तक पहुंचने वाले मार्गों को सबसे पहले खोलने की प्राथमिकता तय की है।
संजौली से आईजीएमसी, चम्याणा अस्पताल रोड, आईजीएमसी से कैंसर अस्पताल और कमला नेहरू अस्पताल से कार्ट रोड तक के मार्गों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा लिफ्ट से हाईकोर्ट, ओक ओवर और छोटा शिमला, कैनेडी चौक से अनाडेल तथा बालूगंज से पीटरहॉफ और चौड़ा मैदान तक के रास्तों को भी प्राथमिकता सूची में रखा गया है।
स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन एंबुलेंस के टायरों पर चेन लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि फिसलन और बर्फबारी के बीच भी मरीजों को अस्पताल पहुंचाया जा सके। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त दवाइयां और चोट लगने जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए जरूरी सामान उपलब्ध रखने को भी कहा गया है।
यह भी पढ़ें: जयराम ठाकुर के गढ़ सराज में रात बिताएंगे सीएम सुक्खू, कब पहुंचेंगे?
बिजली-पानी ठप होने की स्थिति से निपटने की तैयारी
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के दौरान पेड़ों पर बर्फ जमने से बिजली की तारें टूटने और आपूर्ति बाधित होने का खतरा रहता है। विशेष रूप से वन क्षेत्रों से गुजरने वाली बिजली लाइनों को लेकर बिजली विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जल शक्ति विभाग और शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड को पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में आकस्मिक योजना तैयार करने और सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर प्रशिक्षित आपदा मित्रों की सेवाएं भी ली जाएंगी। जिले की कई पंचायतों में आपदा मित्रों को प्रशिक्षण दिया गया है और सुरक्षा किट भी वितरित की गई हैं। इनमें छोहारा विकास खंड की 30, रोहड़ू की 27, जुब्बल की 25, कुपवी की 15, चौपाल की 48, रामपुर की 37 और ननखड़ी की 17 पंचायतें शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: जंगल में छिपाकर रखे थे संकट मोचन मंदिर से चोरी हुए आभूषण, सब बरामद
विंटर कार्निवाल बढ़ाएगा प्रशासन की चुनौती
इस बार शिमला में 25 से 31 दिसंबर तक प्रस्तावित विंटर कार्निवाल भी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती रहने वाला है। आयोजन के दौरान प्रतिदिन करीब 12 हजार वाहनों के शहर में पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। ऐसे में बर्फबारी के बीच पर्यटकों की आवाजाही, पार्किंग, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को संभालना आसान नहीं होगा।
पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की जांच करने और आवश्यकता के अनुसार नए कैमरे लगाने को भी कहा गया है। प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती रहेगी।
सरकारी कार्यालयों और स्कूलों का होगा सेफ्टी ऑडिट
सर्दियों में बर्फबारी के साथ आगजनी की घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। ठंड से बचने के लिए लोग हीटर, अंगीठी और अलाव का इस्तेमाल करते हैं। कई बार लापरवाही के कारण आग लगने की घटनाएं सामने आती हैं। इसे देखते हुए सभी सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों का सुरक्षा ऑडिट करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, चार साल में 92 करोड़ की संपत्ति जब्त
साथ ही आगजनी से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 24 घंटे संचालित किया जा रहा है। बर्फबारी अथवा किसी अन्य आपदा की स्थिति में स्थानीय लोग और पर्यटक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और बर्फबारी से पहले जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, विभिन्न उपमंडलों के एसडीएम और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
