बिहार के लखीसराय जिले में सावन के तीसरे सोमवार के दिन एक बहुत बड़ी और दर्दनाक घटना हुई है। सावन को तीसरे सोमवार को प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में लोग दर्शन करने पहुंचे थे लेकिन यहां एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में दर्शन और जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस हादसे में कम से कम सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा, 'भीड़ अप्रत्याशित रूप से बहुत ज्यादा बढ़ गई थी। सुबह करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच यहां दो ट्रेनें आईं, जिससे भीड़ और बढ़ गई। हमने भीड़ की आशंका को देखते हुए पहले से इंतजाम किए थे। बाद में हमें जानकारी मिली कि भीड़ के दबाव के कारण एक तरफ की बैरिकेडिंग टूट गई और लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। सूचना मिलते ही हमने तुरंत 10-15 लोगों को मौके पर भेजा।'
यह भी पढ़ें: 'स्कूलों का दौरा करेंगे,' CJP का एलान, राजस्थान सरकार ने एंट्री ही बैन कर दी
जलाभिषेक के लिए उमड़ी भीड़
सावन का तीसरा सोमवार होने की वजह से अशोक धाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए सुबह-सुबह बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे थे। दूर-दूर से लोग सुबह से ही इस मंदिर में पहुंच रहे थे, जिसमें महिलाओं की संख्या ज्यादा थी। लखीसराय के डीएम का कहना है कि मंदिर प्रशासन ने भीड़ की व्यवस्था की गई थी लेकिन ट्रेन के आने के बाद अचानक से भीड़ ज्यादा हो गई। सावन का तीसरा सोमवार होने के कारण बड़ी संख्या में लोग मंदिर में पहुंच रहे हैं।
सात की मौत कई घायल
इस भीड़ में ज्यादातर महिलाएं शामिल थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे में सात महिलाओं की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। कई घायलों को अस्पातल में भर्ती करवाया गया है और उनका इलाज जारी है। घायलों की संख्या दो दर्जन से भी ज्यादा बताई जा रही है।
करंट की अफवाह बनी वजह?
इस हादसे की आधिकारिक वजह अभी तक सामने नहीं आई है। हालांकि, सोशल मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि एक बिजली का खंभा गिर गया था। इससे बाद वहां करंट फैलने की अफवाह फैली और श्रद्धालुओं में अफरा तफरी मच गई।
सीएम ने जताया दुख
इस दुखद हादसे पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस हादसे पर दुख जताया है। सम्राट चौधरी ने लिखा, 'लखीसराय के अशोकधाम की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।'
