महाराष्ट्र के मुंबई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति ने ऑटो ड्राइवर को सड़क पर थूकने से रोका था, जिसके बाद दोनों के बीच मारपीट हो गई। इस मारपीट में बुजुर्ग का पैर टूट गया। घटना का वीडियो वायरल होते ही यह मुद्दा राजनीतिक गलियारों तक जा पहुंचा, जहां महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ऑटो चालक का विरोध किया। साथ ही पुलिस को निर्देश दिया है कि आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ हत्या की कोशिश की धारा लगाई जाए। इस मामले में आरोपी ऑटो चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना मुंबई के ठाणे की है, जहां मंगलवार की शाम को बुजुर्ग शख्स और ऑटो चालक के बीच मारपीट हुई थी। बुजुर्ग का नाम सरोज दस्तूर है, जो अपनी पत्नी राधिका दस्तूर के साथ सड़क पर घूम रहे थे। वहीं ऑटो चालक का नाम निशांत शुक्ला है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, मारपीट के दौरान सरोज दस्तूर को धक्का लगा था, जिसकी वजह से उनका पैर टूट गया। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: बीयर के लिए MRP से 10 रुपये ज्यादा ले लिए थे, सरकार पर लगा 25 हजार का जुर्माना
क्यों हुई मारपीट?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ठाणे के विवियाना मॉल के पास एक ऑटो चालक निशांत खड़ा था, जो वहां कुल्ला कर रहा था। उसी सड़क पर एक बुजुर्ग दंपत्ति टहल रहे थे। वहीं सरोज ने निशांत को थूकने से रोका था, जिसके बाद निशांत और सरोज के बीच बहस होने लगी। जल्द ही यह बहस मारपीट में तब्दील हो गई, जहां सरोज को निशांत शुक्ला ने पहले थप्पड़ मारा, फिर ईंट मारकर हमला किया और इसके बाद गुस्से में धक्का दे दिया।
जब दोनों मारपीट कर रहे थे, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोका। साथ ही कुछ लोगों ने मारपीट का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने पर कई लोगों ने ऑटो चालक निशांत के व्यवहार की आलोचना की है।
यह भी पढ़ें: पति गया था UP पुलिस की परीक्षा दिलाने, पत्नी के भाई ने गोली मारकर ले ली जान
एकनाथ शिंदे ने दिया निर्देश
वीडियो वायरल होने के बाद एकनाथ शिंदे ने आरोपी निशांत के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। एकनाथ शिंदे ने कहा, 'पब्लिक प्लेस पर गंदगी फैलाने का विरोध करने वाले व्यक्ति को मारना या इस तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।'
