गुजरात के पंचमहल जिले का एक सरकारी स्कूल इन दिनों खबरों में बना हुआ है। इस स्कूल में पिछले दिनों 12वीं क्लास के एक बच्चे ने एक महिला टीचर को थप्पड़ मार दिया, क्योंकि टीचर ने आरोपी बच्चे से पूछा था कि तुम एग्जाम में लेट क्यों आए हो? घटना 24 जनवरी की है। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद पूरे जिले के टीचरों के मन में काफी गुस्सा है।

 

जब इसकी शिकायत पुलिस को की गई तो जांच के बाद पता चला कि आरोपी छात्र सेकेंड प्रिलिमिनरी टेस्ट के लिए एग्जाम हॉल में आया था। चूंकि उसे देर हो गई थी तो टीचर ने देर होने का कारण पूछा। इस पर छात्र को गुस्सा आ गया और उसने टीचर को थप्पड़ जड़ दिया।

 

यह भी पढ़ें-अखिलेश यादव नोएडा से करेंगे मिशन 2027 की शुरुआत, पीछे की वजह क्या है?

पिता पर धमकी का आरोप

आरोपी छात्र से टीचर ने सवाल पूछा कि तुम इतना लेट क्यों हो, तो छात्र को गुस्सा आ गया। फिर उसने कहा, 'घर में कोई कुछ नहीं पूछता, तो आप कौन हैं मुझसे सवाल करने वाली।' यह सब बोलने के बाद आरोपी छात्र ने टीचर को कथित तौर पर तेज थप्पड़ मारा, साथ ही धक्का मारकर क्लास से भाग निकला। इसके बाद टीचर इंचार्ज प्रिंसिपल के ऑफिस में गईं और आरोपी छात्र की शिकायत की, जिसके बाद इंचार्ज प्रिंसिपल ने आरोपी छात्र के पिता को बुलाया। पिता ने टीचर से माफी मांगी। इसके बाद टीचर और इंचार्ज प्रिंसिपल ने यह फैसला किया कि आगे की कार्रवाई प्रिंसिपल के स्कूल आने के बाद की जाएगी।

 

प्रिंसिपल 27 जनवरी को स्कूल आईं, जिसके बाद कथित तौर पर आरोपी के पिता 15 से 20 लोगों के साथ स्कूल पहुंचे। टीचर का आरोप है कि छात्र के पिता ने उन्हें धमकाया। उनका आरोप है कि छात्र के पिता ने कहा, 'आप कस्बे में अकेली रहती हैं, और अगर मामले को आगे बढ़ाएंगी को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।' इसके बाद टीचर ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।

 

यह भी पढ़ें-बंगाल का अंतरिम बजट, ममता बनर्जी का मेनिफेस्टो कैसे? वादों से समझिए

पुलिस को मिली शिकायत

महिला टीचर ने आरोपी छात्र के साथ-साथ 15 से 20 लोगों के खिलाफ शिकायत की है। फिलहाल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के बाद आरोपियों को रिहा कर दिया गया, क्योंकि आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं थे।