पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर पश्चिम बंग करने की कवायद शुरू हो गई है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि 23 नवंबर को कैबिनेट ने इसे मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि अंग्रेजी भाषा में भी पश्चिम बंगाल का नाम पश्चिम बंग ( Paschim Banga) ही होगा। उन्होंने कहा कि इसे ठीक 'पश्चिम बंग' ही लिखना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि 9 तारीख को विधानसभा में प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके बाद यह भारत सरकार के पास जाएगा और फिर संसद में आएगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से 14 दिसंबर तक चलेगा। इसी सत्र के दौरान यह प्रस्ताव लाया जाएगा।

 

इससे पहले ममता बनर्जी की सरकार ने भी राज्य का नाम बदलने की तीन बार कोशिश की थी। अगस्त 2011 में ममता बनर्जी ने सभी भाषाओं में राज्य का नाम पश्चिम बंग रखने का प्रस्ताव दिया था। फिर अगस्त 2016 में ममता बनर्जी की सरकार ने पश्चिम बंगाल का नाम तीन भाषाओं में अलग-अलग रखने की कोशिश की थी। उन्होंने अंग्रेजी में 'बंगाल', बांग्ला में 'बांग्ला' और हिंदी में 'बांगाल' नाम सुझाया था। इसके बाद उन्होंने 2018 में आखिरी कोशिश की थी। इस बार उन्होंने सभी भाषाओं में राज्य का नाम 'बांग्ला' रखने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, तीनों ही बार उनके प्रस्ताव को केंद्र सरकार से मंजूरी नहीं मिली थी।

यह भी पढ़ें: 1 नवंबर को ही क्यों 8 राज्यों का स्थापना दिवस? जानिए गठन की कहानी

क्या बोले सुवेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा, 'पश्चिम बंगाल इंग्लिश में भी 'पश्चिम बंग' ही होगा। एकदम ठीक पश्चिम बंग ही लिखना पड़ेगा। हम लोग 9 तारीख को विधानसभा में प्रस्ताव ला रहे हैं। इसके बाद यह भारत सरकार के पास जाएगा और फिर संसद में आएगा। यहां से यही फैसला जाएगा। आज कैबिनेट ने इसे मंजूरी दे दी है। 9 तारीख को हम लोग विधानसभा में प्रस्ताव लाएंगे। यह इतिहास है। पश्चिम बंगाल के गठन का एक इतिहास है, जो 1947 में हुआ था। इसे बदलना ही चाहिए। वेस्ट बंगाल की बजाय पश्चिम बंग होगा।'

 

यह भी पढ़ें: PM मोदी ने SCO के सभ्यतागत फोरम का उद्घाटन किया, जानिए भारत के लिए क्यों है खास?

राज्य अपना नाम क्यों बदलना चाहता है?

पश्चिम बंगाल को अंग्रेजी में West Bengal लिखते हैं। राज्यों के नामों की अंग्रेजी वर्णमाला के क्रम में W सबसे आखिर में आता है। इसी वजह से राज्य का नाम बैठकों में सबसे आखिर में आता है। इसलिए राज्य का नाम बदलने की मांग की जाती रही है। ममता बनर्जी ने जब भी नाम बदलने की कोशिश की थी, उस समय केंद्र में उनकी पार्टी की सरकार नहीं थी लेकिन इस बार राज्य और केंद्र, दोनों जगह बीजेपी की सरकार है। देखना दिलचस्प होगा कि इस बार नाम बदलने का प्रस्ताव कहां तक पहुंचता है।