उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में मंगलवार सुबह डबल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डडिया गांव में शिक्षक संघ के अध्यक्ष और प्रधानाध्यापक मुकेश सिंह तथा उनकी पत्नी विनीता सिंह की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। दोनों की हत्या फावड़े और कुल्हाड़ी से किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, विनीता सिंह कुंभी डडिया गांव में अपना इंटर कॉलेज चलाती थीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने स्कूल परिसर में ही उन पर धारदार हथियार से हमला किया। हमले के दौरान उनके पति मुकेश सिंह वहां से भागने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने उनका पीछा किया और स्कूल से करीब 150 मीटर दूर उनकी भी हत्या कर दी।
एक ही परिवार के पति-पत्नी की हत्या की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कादीपुर थाना प्रभारी, क्षेत्राधिकारी और पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई।
कंपोजिट विद्यालय में प्रधानाध्यापक थे मुकेश सिंह
मृतक मुकेश सिंह कंपोजिट विद्यालय खनुहट में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। उन्होंने वर्ष 2009 में सहायक अध्यापक के रूप में नौकरी शुरू की थी। इससे पहले वह शिक्षा मित्र के तौर पर कार्य कर चुके थे। वर्ष 2013 से वह लगातार मोतिगरपुर में शिक्षक संघ के अध्यक्ष थे।मुकेश सिंह ने वर्ष 2002 में गांव में मनराजी शिक्षण संस्थान की स्थापना की थी। इसी शिक्षण संस्थान में उनकी पत्नी विनीता सिंह भी उनके साथ रहती थीं और इंटर कॉलेज का संचालन करती थीं।
यह भी पढ़ें: जूतों की माला, मूंछ-सिर मुंडवाया, तीसरे पति का पत्नी ने किया बुरा हाल
जिला पंचायत चुनाव भी लड़ चुकी थीं विनीता
विनीता सिंह पहले जिला पंचायत चुनाव भी लड़ चुकी थीं। वर्तमान में वह अपना इंटर कॉलेज चला रही थीं। मुकेश सिंह और विनीता सिंह का एक 20 वर्षीय बेटा है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा है। पति-पत्नी की हत्या की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।मुकेश सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई अवधेश सिंह गाजीपुर के पीजी कॉलेज में शिक्षक हैं। वहीं दूसरे भाई अखिलेश सिंह लखनऊ के कॉपरेटिव बैंक में काम करते हैं।
पुलिस को घटनास्थल से फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू मिले हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस धारदार हथियार से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जता रही है। हालांकि, अभी हत्या की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले लोगों के बारे में पुलिस की ओर से कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि कादीपुर थाना क्षेत्र के कुंभी डडिया गांव में सुबह पति-पत्नी के शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, क्षेत्राधिकारी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर मृतकों की पहचान विनीता सिंह और उनके पति मुकेश सिंह के रूप में हुई।
यह भी पढ़ें: गैस सिलेंडर में धमाका, 2 मंजिला मकान जमींदोज, 4 सगे भाइयों की मौत, कई घायल
SOG और सर्विलांस टीम को लगाया गया
एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी धारदार हथियार से हमला करके घटना को अंजाम दिए जाने का अंदेशा है। घटनास्थल से एक कुल्हाड़ी भी बरामद हुई है। मामले की जांच के लिए फील्ड यूनिट, एसओजी और सर्विलांस प्रभारी को तत्काल मौके पर बुलाया गया।पुलिस ने घटना के हर पहलू की जांच के लिए कई टीमें गठित की हैं। टीमों की ओर से घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही परिजन और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या की वजह, हमलावरों और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। एसपी ने घटना का जल्द खुलासा करने की बात कही है।
