बिहार विधानसभा सत्र से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने NDA सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष को अपने काम का हिसाब देने की बात कर रही है, लेकिन पहले यह बताए कि पिछले एक साल में उसने कौन सा काम किया है। उनके मुताबिक सरकार सिर्फ दावे करती है और जमीन पर काम नहीं दिखता।

तेजस्वी ने कहा कि जनता को अब जुमले नहीं, हिसाब चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी तंज कसा। तेजस्वी के मुताबिक मुख्यमंत्री क्राइम और अपराध को अलग-अलग समझते हैं, जबकि दोनों एक ही हैं। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री को ही फर्क नहीं पता, तो अपराध कैसे रुकेगा। तेजस्वी ने दावा किया कि राज्य में हर दिन हत्या, लूट और अपहरण की खबरें आ रही हैं और पुलिस अपराधियों के सामने बेबस दिख रही है।

यह भी पढ़ें: 'न्याय नहीं मिला तो हाई कोर्ट जाएंगे', MLC के शपथ ग्रहण के बाद बोले तेजस्वी यादव

20 साल के शासन के बाद भी बिहार नंबर वन क्यों नहीं?

तेजस्वी ने कहा कि बिहार में NDA के शासन को 20 साल से ज्यादा हो गए हैं और केंद्र में भी उसकी सरकार है। फिर भी बिहार पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई और कानून-व्यवस्था में देश में नंबर वन क्यों नहीं है, यह सवाल उन्होंने उठाया। डबल इंजन सरकार के दावे पर उन्होंने कहा कि बिहार आज भी पिछड़ा है। उनके मुताबिक स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, खेतों में पानी नहीं है और युवाओं के पास नौकरी नहीं है।

तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार गरीबी, पलायन, भुखमरी, भ्रष्टाचार और अपराध में जरूर नंबर वन है। उन्होंने कहा कि लाखों युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हैं। उनका आरोप है कि हर विभाग में भ्रष्टाचार फैला है और बिना घूस के काम नहीं होता।

यह भी पढ़ें: 'लालू परिवार को लॉकेट पहनना चाहिए', तेजस्वी यादव पर ऐसा क्यों बोले गिरिराज सिंह?

125 यूनिट मुफ्त बिजली पर तेजस्वी ने क्या कहा?

तेजस्वी ने कहा कि चुनाव से पहले सरकार ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा किया था और जनता ने भरोसा किया। उनके मुताबिक अब चुनाव खत्म होते ही सब्सिडी वापस लेने की बात हो रही है। उन्होंने इसे जनता के साथ धोखा बताया और कहा कि सरकार को अपना वादा निभाना चाहिए।

महिला आरक्षण पर तेजस्वी की क्या मांग है?

तेजस्वी ने महिला आरक्षण 33 प्रतिशत की जगह 50 प्रतिशत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इसमें अति पिछड़ा, पिछड़ा, SC-ST और अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए आरक्षण के भीतर आरक्षण होना चाहिए। उनका कहना है कि जब आबादी आधी है, तो हिस्सेदारी भी आधी होनी चाहिए। साथ ही सभी वर्गों की महिलाओं को इसका लाभ मिलना चाहिए।

यह भी पढ़ें: 'मोदी बताएं बेरोजगारी-महंगाई कब खत्म होगी', PM पर भड़के तेजस्वी यादव

सत्र में विपक्ष कौन से मुद्दे उठाएगा?

तेजस्वी ने कहा कि विधानसभा सत्र में विपक्ष सभी मुद्दे उठाएगा। इनमें बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा भी सत्र में उठेगा। तेजस्वी के मुताबिक लोकतंत्र को बचाना है तो वोट की चोरी रोकनी होगी।